भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने धामी सरकार की थपथपाई पीठ, बोले- उत्तराखंड में नहीं रुकने वाला भाजपा का विजय रथ
हल्द्वानी। हल्द्वानी में कांग्रेस के कार्यक्रम के बाद सामने आए कथित शुद्धिकरण विवाद ने उत्तराखंड की सियासत को गरमा दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने इस मुद्दे पर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को ‘विभाजनकारी राजनीति और राजनीतिक षड्यंत्र’ करार देते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र भूमि को राजनीतिक स्वार्थ के लिए अपमानित करने का प्रयास किया गया।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि उत्तराखंड भाजपा के लिए महज एक चुनावी राज्य नहीं है, बल्कि पार्टी की विचारधारा, सांस्कृतिक प्रतिबद्धता और राष्ट्रवादी सोच को कसौटी पर कसने वाली भूमि है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार दोबारा बनाने और इसके बाद 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में मजबूती से जुटने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी पूरी टीम की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि सरकार ने भाजपा के वैचारिक संकल्पों को जमीन पर उतारने का काम किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की ताकत और जनता के भरोसे के दम पर उत्तराखंड में भाजपा का विजय रथ आगे भी जारी रहेगा।
हल्द्वानी के घटनाक्रम को बताया राजनीतिक खेल
नितिन नबीन ने हल्द्वानी में कांग्रेस के कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने इसी धरती से राजनीतिक खेल खेलने और एक तरह का षड्यंत्र रचने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ऐसी पवित्र भूमि है जहां लोग अपने देवी-देवताओं, गुरुओं और धार्मिक परंपराओं के प्रति गहरी आस्था रखते हैं।
उन्होंने कहा कि जिस भूमि के कण-कण में लोग भगवान शिव का वास मानते हैं, उस भूमि पर धर्म विशेष के नारों के जरिए राजनीति करने और राजनीतिक रोटी सेंकने का प्रयास किया गया। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वह इस पूरे घटनाक्रम को कांग्रेस की विभाजनकारी सोच का हिस्सा मानते हैं।
‘जिनका इतिहास दलितों के अपमान का, वे सम्मान की बात कैसे कर सकते हैं’
नितिन नबीन ने कांग्रेस पर दलितों के सम्मान को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए पार्टी के इतिहास का हवाला दिया। उन्होंने सीताराम केसरी, डॉ. भीमराव आंबेडकर और बाबू जगजीवन राम का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक इतिहास में दलित नेताओं के साथ उचित व्यवहार नहीं किया और आज वही पार्टी दलित सम्मान की बात कर रही है। उन्होंने कर्नाटक और राजस्थान के कुछ हालिया मामलों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर वोट बैंक और तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
नितिन नबीन ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन कांग्रेस के तत्कालीन नेतृत्व का उनके प्रति रवैया सम्मानजनक नहीं था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थों के विकास समेत दलित समाज के सम्मान के लिए कई कदम उठाए गए हैं।
धारा 370 का जिक्र कर कांग्रेस को घेरा
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जम्मू-कश्मीर में धारा 370 के दौर का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय वाल्मीकि समाज के लोगों को उच्च शिक्षा हासिल करने के बावजूद सफाई कर्मचारी के रूप में काम करने तक सीमित रहने के लिए मजबूर होना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सामाजिक न्याय और दलित सम्मान को नई दिशा मिली है। भाजपा सरकार की नीतियों का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ना है।
धामी सरकार की उपलब्धियां गिनाकर बोले- 2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार
नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार ने भाजपा के वैचारिक एजेंडे को नीतियों और योजनाओं के माध्यम से लागू किया है।
उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए धामी सरकार की सराहना की। इसके अलावा महिलाओं को सरकारी सेवाओं में आरक्षण, सहकारी समितियों में महिलाओं की भागीदारी, शहीदों के आश्रितों को अनुग्रह राशि और दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास योजना के तहत होम स्टे से जुड़े निर्णयों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि ये फैसले केवल सरकारी योजनाएं नहीं हैं, बल्कि उत्तराखंड के लोगों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में उठाए गए कदम हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा की जीत केवल सरकार बनाने की जीत नहीं होगी, बल्कि यह पार्टी की विचारधारा और उसके संकल्पों की जीत होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 को लक्ष्य बनाकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
सीमा तक पहुंची सड़कें, बदली विकास की सोच
नितिन नबीन ने केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम ऑल वेदर रोड और अन्य सड़क परियोजनाओं का जिक्र किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता नहीं दी गई। उनका कहना था कि पहले सीमावर्ती गांवों को देश के अंतिम गांव के रूप में देखा जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब इन्हें ‘प्रथम गांव’ के रूप में विकसित करने की सोच के साथ काम हो रहा है।
सैनिकों के सम्मान का उल्लेख करते हुए उन्होंने वन रैंक-वन पेंशन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए देश का प्रत्येक सैनिक और उसका परिवार सम्मान का प्रतीक है।
‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी नेक्स्ट और सेल्फ लास्ट’
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी की कार्यशैली को स्पष्ट करते हुए कहा कि भाजपा के लिए ‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी नेक्स्ट और सेल्फ लास्ट’ का सिद्धांत सर्वोपरि है।
उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए ‘वंदे मातरम्’ के मुद्दे पर भी हमला बोला। नितिन नबीन ने कहा कि जिस गीत ने देश के स्वतंत्रता आंदोलन में लाखों लोगों को प्रेरित किया, उसके महत्व को समझना भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभावना को समझना है।
मोदी सरकार के फैसलों को बताया बदलाव का आधार
नितिन नबीन ने 2014 के बाद केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा लिए गए प्रमुख निर्णयों का उल्लेख किया। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, नई शिक्षा नीति, तीन तलाक पर रोक और जीएसटी जैसे फैसलों को ऐतिहासिक कदम बताया।
उन्होंने कहा कि एक समय देश के युवाओं में भविष्य को लेकर निराशा थी, लेकिन आज युवा स्टार्टअप, खेल और स्वरोजगार के माध्यम से नए अवसर तलाश रहा है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब केवल नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला भी बन रहा है।
महिला सशक्तीकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं को केंद्र सरकार की उपलब्धियों से जोड़ा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को विकास की लाभार्थी के बजाय विकास की नेतृत्वकर्ता बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
धामी बोले- भाजपा कार्यकर्ता सरकार के काम का सबसे बड़ा ब्रांड एंबेसडर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का प्रदेश के चार नेताओं को राष्ट्रीय टीम में स्थान देने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का अभियान है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी गौरवशाली विरासत, सामाजिक मूल्यों और सामर्थ्य के साथ दुनिया में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री मोदी के हाथ मजबूत करने और विकसित उत्तराखंड के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सरकार के काम का सबसे बड़ा ब्रांड एंबेसडर है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश में ऐसे कई ऐतिहासिक फैसले हुए, जिनकी पहले केवल कल्पना की जाती थी। अनुच्छेद 370, राम मंदिर, नई शिक्षा नीति, तीन तलाक पर रोक और जीएसटी जैसे फैसलों को उन्होंने नए भारत की दिशा में उठाए गए कदम बताया।
’60 साल शासन करने वाली कांग्रेस फैला रही भ्रम और अफवाह’
मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि करीब छह दशक तक देश पर शासन करने वाली कांग्रेस अब देश और विदेश में झूठा भ्रम और अफवाह फैलाने का काम कर रही है।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाकर कांग्रेस के कथित दुष्प्रचार को बेनकाब करें। धामी ने कहा कि जनता को सरकार की उपलब्धियों की सही जानकारी देना संगठन और कार्यकर्ताओं की बड़ी जिम्मेदारी है।
चारधाम और आदि कैलाश यात्रा के आंकड़ों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘यह दशक उत्तराखंड का होगा’ के संकल्प को पूरा करने के लिए राज्य सरकार तेजी से काम कर रही है। प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस वर्ष अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं।
उन्होंने आदि कैलाश यात्रा का भी उल्लेख करते हुए कहा कि जहां पहले यहां 500 से भी कम लोग पहुंचते थे, वहीं इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या 60 हजार से अधिक हो गई है। धामी ने इसे उत्तराखंड में पर्यटन सुविधाओं और कनेक्टिविटी में हो रहे बदलाव का परिणाम बताया।
अब घर-घर लेकर जाएं सरकार का रिपोर्ट कार्ड
कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अब समय आ गया है कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड लेकर घर-घर पहुंचें। उन्होंने कहा कि जनता के बीच सरकार के काम को मजबूती से रखने के साथ विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब भी तथ्यों के आधार पर देना होगा।
