हल्द्वानी। शहर के कालाढूंगी रोड स्थित ऊंचा पुल के पास रविवार दोपहर एक कार सर्विस सेंटर में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग सेंटर के स्पेयर पार्ट्स स्टोर और पब्लिक लाउंज वाले हिस्से में लगी। हादसे में करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी समेत सोफा और अन्य फर्नीचर जलकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि दमकल विभाग की तत्परता से आग को समय रहते फैलने से रोक लिया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब एक बजे कार सर्विस सेंटर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने स्पेयर पार्ट्स स्टोर और पब्लिक लाउंज वाले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही सेंटर में मौजूद कर्मचारियों के बीच अफरातफरी मच गई।
बिलिंग काउंटर में रखी नकदी भी जली
सेंटर संचालक विजय कुमार के मुताबिक, जिस हिस्से में आग लगी, वहीं बिलिंग काउंटर भी मौजूद था। आग की चपेट में आने से काउंटर में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी, सोफा और अन्य फर्नीचर जलकर नष्ट हो गया। घटना से सेंटर को काफी नुकसान पहुंचा है।
दो वाटर टेंडर के साथ पहुंची दमकल टीम
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और मुखानी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार ने बताया कि दमकल विभाग की टीम दो वाटर टेंडर के साथ घटनास्थल पर पहुंची और तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को अन्य हिस्सों में फैलने से पहले ही काबू कर लिया।

