लालकुआं (हल्द्वानी)। बेरीपड़ाव स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक टेक फेस्ट ‘इनोविस्टा-2026’ का रविवार को उत्साह, रोमांच और उपलब्धियों के साथ भव्य समापन हो गया। फेस्ट के अंतिम दिन तकनीकी नवाचार, कोडिंग, गेमिंग और रचनात्मक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। गूगल, जेपी मॉर्गन चेस और ग्लोबल लॉजिक जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के विशेषज्ञों की मौजूदगी ने आयोजन को खास पहचान दिलाई।
36 घंटे के हैकाथॉन में टीम ग्रेडिएंट ने मारी बाजी
टेक फेस्ट का सबसे बड़ा आकर्षण 36 घंटे तक लगातार चला हैकाथॉन रहा। 50 हजार रुपये की कुल पुरस्कार राशि वाली इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने तकनीकी कौशल, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता का प्रदर्शन किया। गूगल के उज्ज्वल त्यागी और ग्लोबल लॉजिक के तुषार गोयल निर्णायक मंडल में शामिल रहे और उन्होंने प्रतिभागियों के प्रोजेक्ट का मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता में टीम ग्रेडिएंट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया और 25 हजार रुपये का पुरस्कार अपने नाम किया। वहीं कोड इन इट 15 हजार रुपये के साथ दूसरे और ब्लैंकस्पेस पांच हजार रुपये के साथ तीसरे स्थान पर रही। टीम यूबीक्विटस और हैकबडीज को 2500-2500 रुपये के सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
न्यूरल नेटवर्क पर विशेषज्ञों ने साझा की भविष्य की तकनीक
समापन समारोह में जेपी मॉर्गन चेस के पंकज खुल्बे ने न्यूरल नेटवर्क विषय पर विशेष विशेषज्ञ सत्र आयोजित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीप लर्निंग और स्मार्ट कंप्यूटिंग के क्षेत्र में न्यूरल नेटवर्क की उपयोगिता और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और उद्योग जगत में हो रहे बदलावों को करीब से समझने का अवसर मिला।
ई-स्पोर्ट्स में भी दिखा जबरदस्त रोमांच, मॉग टीम बनी विजेता
टेक फेस्ट में ई-स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं ने भी विद्यार्थियों में खासा उत्साह पैदा किया। बीजीएमआई प्रतियोगिता में 19 टीमों के 76 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें मॉग टीम विजेता बनी। वहीं फ्री फायर में 36 टीमों के 144 खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। इसमें टॉक्सिक फोर्स ने पहला स्थान हासिल किया।
क्लैश रॉयल प्रतियोगिता में नीरज चंद्रा ने बाजी मारी। इसके अलावा 21 टीमों के बीच आयोजित रील शूटिंग प्रतियोगिता में टीम डब्लू एरा विजेता रही, जबकि टेक ट्रेजर हंट में द एक्सिओम ने पहला स्थान प्राप्त किया। टाइपिंग टेस्ट में प्रियंशु बिष्ट प्रथम, मानक सिंह द्वितीय और शुभम भट्ट तृतीय स्थान पर रहे।
लकी ड्रॉ में लैपटॉप, प्लेस्टेशन-5 और एलईडी टीवी जीतकर खिले चेहरे
कार्यक्रम का एक और बड़ा आकर्षण करीब दो लाख रुपये के पुरस्कारों वाला लकी ड्रॉ रहा। इसमें हरकीरत संधू ने असूस वीवोबुक लैपटॉप, दीपक सिंह ने प्लेस्टेशन-5 और बच्चे सिंह ने एलईडी टीवी जीतकर सबका ध्यान खींचा। इसके अलावा सैमसंग स्मार्टफोन सहित कई आकर्षक गैजेट भी विजेताओं को प्रदान किए गए।
परिसर में विद्यार्थियों की ओर से लगाए गए 30 फूड, क्राफ्ट और गेमिंग स्टॉल्स ने भी आयोजन को खास बना दिया। तीन दिनों तक परिसर में तकनीक, मनोरंजन और रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिला।
किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव का मंच बना इनोविस्टा
विश्वविद्यालय प्रबंधन और आयोजन समिति ने कहा कि ‘इनोविस्टा-2026’ जैसे आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव हासिल करने और उद्योग जगत के विशेषज्ञों से सीधे सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे मंच विद्यार्थियों में नवाचार, तकनीकी दक्षता, टीम भावना और रचनात्मक सोच को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
तीन दिनों तक चले इस आयोजन का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। विद्यार्थियों की शानदार भागीदारी और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उनके प्रदर्शन ने ‘इनोविस्टा-2026’ को यादगार बना दिया।

