Haldwani: जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी को नम आंखों से दी अंतिम विदाई

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का रविवार को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। 12 सितंबर की दोपहर आकस्मिक हृदयगति रुकने से हुए उनके निधन से सूचना विभाग के साथ ही जनपद के मीडिया जगत और विभिन्न विभागों में शोक की लहर है। स्वर्गीय जोशी अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

रविवार सुबह करीब आठ बजे उनकी अंतिम यात्रा बीके पुरम, रेनबो पब्लिक स्कूल के समीप, बिठोरिया नंबर-1 स्थित उनके निवास से चित्रशिला घाट के लिए रवाना हुई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार, सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, परिचित और परिजन शामिल हुए। चित्रशिला घाट पर पूरे गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: 4 जुलाई से शुरू होगी कैलाश मानसरोवर यात्रा, 5 जुलाई को CM धामी पहले दल को दिखाएंगे हरी झंडी

अंत्येष्टि में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, सहायक निर्वाचन अधिकारी नैनीताल हंसादत्त पांडे, संयुक्त निदेशक/महानिदेशक सूचना के प्रतिनिधि केएस चौहान, संपादक कमलेश भट्ट, जिला सूचना अधिकारी ऊधमसिंह नगर गोविंद बिष्ट और प्रभारी मीडिया सेंटर हल्द्वानी अहमद नदीम सहित जनपद के पत्रकार, सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: विश्व स्तनपान सप्ताह का शुभारंभ, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए जागरूकता अभियान शुरू

सभी ने स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को सूचना विभाग और मीडिया जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उपस्थित लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन से उनके सहकर्मियों और पत्रकारों में भी गहरा दुःख है। सहकर्मियों ने उनके सहज व्यवहार, सहयोगी स्वभाव और विभागीय दायित्वों के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनके निधन से एक सहयोगी और संवेदनशील अधिकारी को खोने का दुख लंबे समय तक रहेगा।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में नाबालिग से दुष्कर्म पर फूटा जनआक्रोश, बाजार बंद, सड़कों पर उतरे लोग

स्वर्गीय जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में 14 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोक सभा आयोजित की जाएगी। शोक सभा में सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद के पत्रकार बंधु और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page