हल्द्वानी। नीली बत्ती लगी कार, उस पर ‘भारत सरकार’ का बोर्ड और खुद को आईबी अधिकारी बताने वाला 24 वर्षीय युवक… हल्द्वानी के तिकोनिया चौराहे पर पुलिस की सघन चेकिंग के दौरान जब इस युवक से पूछताछ शुरू हुई तो उसकी सारी कहानी कुछ ही मिनटों में खुल गई। पुलिस को शक होने पर कार की तलाशी ली गई तो डैशबोर्ड से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी दस्तावेज और पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सरकारी अधिकारी का रौब दिखाकर लोगों को प्रभावित करने के लिए फर्जी पहचान और सरकारी वाहन जैसी छवि का इस्तेमाल कर रहा था। मामले में थाना हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वाहन को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
तिकोनिया चौराहे पर चेकिंग में फंसा युवक
नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. मंजूनाथ टीसी ने जनपद में बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन के साथ ही वाहनों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए हैं। इसी अभियान के तहत 12 सितंबर को हल्द्वानी थाना क्षेत्र में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान तिकोनिया चौराहे पर काठगोदाम की ओर से एक हुंडई कार UP25CS 9327 आती दिखाई दी। कार पर लाल-नीली बत्ती लगी थी और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड भी लगा हुआ था। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर वाहन को रोक लिया।
कार चालक से पूछताछ शुरू हुई तो उसने अपना परिचय मो. मोहासिब खान पुत्र मो. अयूब खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में दिया। युवक ने पुलिस के सामने खुद को आईबी अधिकारी बताया और इसके समर्थन में एक आईडी कार्ड भी प्रस्तुत किया।
पद और तैनाती पूछते ही सकपकाने लगा
पुलिस को जब युवक की पहचान और उसके दावे पर संदेह हुआ तो उससे आईबी में पद, तैनाती और नियुक्ति से संबंधित जानकारी मांगी गई। पुलिस के अनुसार, इन सवालों पर युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और पूछताछ के दौरान सकपकाने लगा।
इसके बाद पुलिस टीम ने उसके आईडी कार्ड और दस्तावेजों की सत्यता जांचने के साथ ही कार की तलाशी लेने का फैसला किया। तलाशी के दौरान जो सामान मिला, उससे पुलिस का शक और गहरा गया।
कार के डैशबोर्ड से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी कागजात और पिस्टल जैसी दिखाई देने वाली एयरगन बरामद हुई। इसके अलावा कार पर लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा हुआ था।
‘रौब दिखाने के लिए रखी थी एयरगन’
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह एयरगन अपने पास रौब दिखाने के उद्देश्य से रखता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसके पास मौजूद आईबी आईडी कार्ड और संबंधित दस्तावेज फर्जी हैं।
प्रथम दृष्टया जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी खुद को आईबी अधिकारी या जवान के रूप में प्रदर्शित करने के लिए फर्जी पहचान पत्र और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रहा था। नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ के बोर्ड लगी कार का इस्तेमाल भी इसी प्रभाव को बनाने के लिए किया जा रहा था।
पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने फर्जी आईडी और अन्य दस्तावेज कहां से तैयार कराए और उसने अब तक इनका इस्तेमाल कहां-कहां किया। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मुकदमा दर्ज, वाहन सीज
मामले में थाना हल्द्वानी में मु0 एफआईआर संख्या 315/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने आरोपी मो. मोहासिब खान को गिरफ्तार कर लिया है और उसे अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
फर्जी अधिकारी बनकर घूमने में इस्तेमाल की जा रही हुंडई कार को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटियापड़ाव, कांस्टेबल मो. अजहर और कांस्टेबल सुनील टम्टा शामिल रहे।
संदिग्धों पर पुलिस की पैनी नजर
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर नैनीताल पुलिस द्वारा जनपद में बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन और संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। तिकोनिया में हुई इस कार्रवाई को भी इसी अभियान का परिणाम माना जा रहा है।
