Haldwani: बनभूलपुरा में बिजली चोरी पर बड़ा छापा…108 लोग रंगेहाथ पकड़े गए, कई मीटर सीज

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने सोमवार तड़के बड़ा अभियान चलाया। सुबह पांच बजे से शुरू हुई कार्रवाई में किदवई नगर, इंदिरा नगर, गांधीनगर, नई बस्ती और आजाद नगर समेत चिह्नित इलाकों में सात टीमों ने एक साथ छापेमारी की। विभाग के मुताबिक, जांच के दौरान बिजली की लाइन पर कटिया डालकर बिजली इस्तेमाल करने और मीटरों से छेड़छाड़ के मामले सामने आए। कार्रवाई के बाद करीब 108 मामलों में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई, जबकि संबंधित मीटरों को सीज किया गया।

कुमाऊं जोन के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने बताया कि विभाग पिछले एक महीने से अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों की निगरानी कर रहा था। जांच के दौरान बनभूलपुरा के कुछ फीडरों पर लाइन लॉस 50 से 55 प्रतिशत तक पाया गया। इसके बाद चिह्नित इलाकों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाने की योजना बनाई गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड : कांग्रेस नेता की बेटी से लूटकांड का खुलासा, चार बदमाश गिरफ्तार

अभियान में अधिशासी अभियंता, एसडीओ, एई और जेई के साथ विभागीय विजिलेंस तथा पुलिस की टीमें शामिल रहीं। अधिकारियों के अनुसार, संयुक्त कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। विभाग अब पकड़े गए मामलों में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

मीटर बाहर लगेंगे, आर्मर्ड केबल और स्मार्ट मीटर पर जोर

बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विभाग तकनीकी उपाय भी अपनाने जा रहा है। मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी के अनुसार, घरों के भीतर लगे बिजली मीटरों को बाहर शिफ्ट किया जाएगा। इसके साथ ही सामान्य केबल की जगह आर्मर्ड केबल लगाने और क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का काम भी शुरू किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, कार्यकर्ता सम्मेलन में कई लोगों ने थामा हाथ

विभाग का मानना है कि इन उपायों से बिजली चोरी की संभावनाएं कम होंगी और बिजली की खपत पर निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी। अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों में निगरानी और जांच अभियान भी जारी रहेगा।

उपभोक्ताओं से शिकायत करने की अपील

मुख्य अभियंता ने कहा कि अभियान का उद्देश्य बिजली चोरी रोकने के साथ नियमित रूप से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली कनेक्शन दिलाने या बिल जमा कराने के नाम पर कोई व्यक्ति पैसे मांगता है तो इसकी शिकायत पुलिस से करें।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: आईएसबीटी चौकी प्रभारी एक लाख की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, सतर्कता अधिष्ठान की कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान विभागीय कर्मचारियों से संबंधित कुछ शिकायतें भी सामने आई हैं। इनकी जांच कर आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारी रवि कुमार राजोरा, अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार, बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल समेत विभागीय विजिलेंस टीम और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page