पिथौरागढ़। उत्तराखंड में लगातार बारिश के बीच थल-बेड़ीनाग मार्ग पर बरड़बैंड के पास बड़ा हादसा हो गया। उफनते बरसाती नाले को पार करते समय स्कूटी सवार दो युवक तेज बहाव में बह गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रातभर तलाश अभियान चलाया। सोमवार सुबह लापता युवक का शव सड़क से करीब 150 फीट नीचे बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर क्षेत्र के नैनोली, भागल निवासी गौरव कुमार (18) पुत्र गिरीश राम और तिलोरा, भागल निवासी हिमांशु नयाल (19) पुत्र शिवपाल सिंह नयाल रविवार को घूमने के लिए धारचूला गए थे। देर रात दोनों स्कूटी से थल होते हुए घर लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे भारी बारिश के दौरान बरड़बैंड के पास उफनते नाले में उनकी स्कूटी बह गई। दोनों युवक स्कूटी समेत पानी के तेज बहाव में बहने लगे।
हादसे के दौरान पीछे बैठा गौरव करीब 20 फीट नीचे पत्थरों के बीच फंस गया। किसी तरह नाले से बाहर निकलने के बाद उसने पुलिस हेल्पलाइन पर घटना की सूचना दी। वहीं, स्कूटी चला रहा हिमांशु तेज बहाव में लापता हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और हिमांशु की तलाश शुरू की। देर रात तक चले अभियान के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह दोबारा सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क से करीब 150 फीट नीचे हिमांशु का शव बरामद हुआ। टीम ने शव को रेस्क्यू कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे में घायल गौरव का गोचर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

