दो वर्ष के कार्यकाल के लिए नई टीम घोषित, सामाजिक सरोकारों और पंजाबी समाज के हितों को प्राथमिकता देने का संकल्प
हल्द्वानी। हल्द्वानी पंजाबी जनकल्याण समिति की आम सभा का आयोजन रामपुर रोड स्थित शकुंतलम लॉन में किया गया। बैठक की अध्यक्षता निवर्तमान अध्यक्ष प्रदीप कक्कड़ ने की। इस दौरान संस्था के संरक्षकों और वरिष्ठ सदस्यों की सर्वसम्मति से आगामी दो वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
नई कार्यकारिणी में हरिमोहन अरोड़ा (मोना) को अध्यक्ष, संदीप गांधी को उपाध्यक्ष, मुकेश ढींगरा को महामंत्री, राजीव बग्गा को संयुक्त सचिव तथा अवनीश राजपाल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनियुक्त अध्यक्ष हरिमोहन अरोड़ा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति पंजाबी समाज के हितों की रक्षा, संगठन की मजबूती और सामाजिक सेवा के कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
महामंत्री मुकेश ढींगरा और उपाध्यक्ष संदीप गांधी ने बताया कि समिति हर वर्ष की तरह विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, लोहड़ी, बैसाखी और करवाचौथ जैसे प्रमुख पर्व सामूहिक रूप से मनाती रहेगी। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अभियान, निशुल्क स्वास्थ्य एवं मेडिकल शिविर, रक्तदान शिविर और अन्य सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
नई कार्यकारिणी के गठन पर संस्था के संरक्षक सुभाष मोंगा, पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कक्कड़, जगदीश लाल सडाना, डॉ. एन.के. मेहता, उमंग वासुदेवा, राजीव वाही, संजय बग्गा, डॉ. अतुल राजपाल, डॉ. विनय खुल्लर, अशोक राजपाल, पंकज कपूर, राजू आनंद, ज्ञान स्वरूप ग्रोवर, कनिष्ठ ढींगरा, प्रतीक सडाना, विशु शर्मा, अंकुर मोंगा, महेश आहूजा (हनी), अजय गुम्बर, सुनील सूरी, चंद्रशेखर वर्मा, अतुल वर्मा, अक्षय टंडन, सुरेंद्र गुलाटी, अमित असवानी, शिव कपूर सहित अनेक गणमान्य लोगों ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

