पेटीएम टीम लीडर लूटकांड का खुलासा, शादी के बाद पति संग घूमने आई थी हरिद्वार; सोशल मीडिया बना गिरफ्तारी की वजह
मेरठ/हरिद्वार। मेरठ के सरधना क्षेत्र में पेटीएम कंपनी के टीम लीडर से लूट की वारदात में फरार चल रही महिला आरोपी को पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। सोशल मीडिया पर फिल्मी अंदाज में पुलिस को चुनौती देने वाली आरोपी की गिरफ्तारी उसकी इंस्टाग्राम गतिविधियों के कारण संभव हो सकी। शादी के कुछ दिन बाद पति के साथ हरिद्वार घूमने पहुंची महिला की लोकेशन पुलिस ने तकनीकी निगरानी के आधार पर ट्रेस कर उसे दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान किठौर थाना क्षेत्र के गांव छुछाई निवासी ज्योति चौधरी के रूप में हुई है। क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि ज्योति की शादी 23 जून को मोहित नागर से हुई थी। शादी के बाद दोनों हरिद्वार घूमने पहुंचे थे। फरारी के दौरान भी ज्योति लगातार इंस्टाग्राम पर सक्रिय रही। उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर शनिवार सुबह हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि ज्योति की इससे पहले बुलंदशहर जिले के ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर जाट निवासी सुनील उर्फ नीतू से शादी हो चुकी थी। पुलिस के मुताबिक वह पहले रागनी कार्यक्रमों में नृत्य करती थी। बाद में महंगे शौक पूरे करने के लिए अपने वर्तमान पति के साथ लूट और चोरी की घटनाओं में शामिल होने लगी।
पुलिस के अनुसार लूटकांड में नाम सामने आने के बाद ज्योति लगातार फरार चल रही थी। इसी दौरान उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर फिल्मी अंदाज में कहा था, “शाका मारा जा सकता है, लेकिन पकड़ा नहीं जा सकता।” हालांकि यही सोशल मीडिया सक्रियता उसकी गिरफ्तारी का सबसे बड़ा कारण बन गई।
12 जून को हुई थी लूट की वारदात
पुलिस के मुताबिक 12 जून की रात मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर निवासी आकाश शर्मा, जो पेटीएम कंपनी में बड़ौत जोन के टीम लीडर हैं, बाइक से अपने घर लौट रहे थे। सरधना-पाली कांवड़ पटरी मार्ग स्थित पाली पुल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने मारपीट कर उनकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया। पीड़ित ने पुलिस को बताया था कि वारदात में एक युवती भी शामिल थी।
घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान महिला आरोपी की पहचान ज्योति चौधरी के रूप में हुई, जो वारदात के बाद लगातार फरार चल रही थी।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार महिला से पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

