एलन मस्क ने रचा इतिहास: 600 अरब डॉलर क्लब में एंट्री, नेट वर्थ 677 अरब डॉलर के पार

खबर शेयर करें

नई दिल्ली। दुनिया के सबसे चर्चित उद्योगपति एलन मस्क ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। सोमवार को उनकी कुल संपत्ति 600 अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर गई। फोर्ब्स के मुताबिक, मस्क की नेट वर्थ बढ़कर करीब 677 अरब डॉलर पहुंच चुकी है। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वे दुनिया के पहले व्यक्ति बन गए हैं।

मस्क की संपत्ति में आई इस ऐतिहासिक छलांग का सबसे बड़ा कारण उनकी स्पेस कंपनी स्पेसएक्स है। हाल ही में हुए एक टेंडर ऑफर के बाद स्पेसएक्स की वैल्यूएशन बढ़कर 800 अरब डॉलर तक पहुंच गई है, जो अगस्त में करीब 400 अरब डॉलर थी। एलन मस्क के पास स्पेसएक्स में लगभग 42 फीसदी हिस्सेदारी है। सिर्फ वैल्यूएशन बढ़ने से ही उनकी दौलत में करीब 168 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।

यह भी पढ़ें 👉  बंगाल में सत्ता पलट: 15 साल बाद टीएमसी का किला ढहा, भाजपा पहली बार सरकार बनाने की दहलीज पर

गौरतलब है कि अक्टूबर में ही मस्क 500 अरब डॉलर की संपत्ति का आंकड़ा पार करने वाले पहले इंसान बने थे और अब महज कुछ महीनों में उन्होंने एक और नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पेसएक्स 2026 में आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है, जिसे अब तक की सबसे बड़ी लिस्टिंग माना जा रहा है।

टेस्ला ने भी बढ़ाई दौलत
मस्क की इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला ने भी उनकी नेट वर्थ बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। साल 2025 में अब तक टेस्ला के शेयर करीब 13 फीसदी चढ़ चुके हैं। सोमवार को टेस्ला के शेयरों में करीब 4 फीसदी की तेजी देखने को मिली, जब मस्क ने बताया कि कंपनी की रोबोटैक्सी का परीक्षण चल रहा है, जिसमें आगे की सीट पर सेफ्टी मॉनिटर की जरूरत नहीं पड़ रही। मस्क के पास टेस्ला में करीब 12 फीसदी हिस्सेदारी है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: कालामुनि-बेटुली धार के बीच गहरी खाई में गिरा भेड़ पालक, मौके पर मौत

1 ट्रिलियन डॉलर का रिकॉर्ड पे पैकेज
नवंबर में टेस्ला के शेयरधारकों ने एलन मस्क के लिए करीब 1 ट्रिलियन डॉलर के पे प्लान को मंजूरी दी थी। यह अब तक का कॉरपोरेट इतिहास का सबसे बड़ा पे पैकेज माना जा रहा है। निवेशकों ने मस्क के उस विजन का समर्थन किया है, जिसमें टेस्ला को सिर्फ एक ईवी कंपनी नहीं, बल्कि एआई और रोबोटिक्स की ग्लोबल दिग्गज बनाने की योजना है।

xAI भी रफ्तार में
मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी xAI भी तेजी से सुर्खियों में है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी 15 अरब डॉलर की नई फंडिंग जुटाने की बातचीत में है, जिससे इसकी वैल्यूएशन करीब 230 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है। इससे मस्क के कारोबारी साम्राज्य को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  SIR: उत्तराखण्ड के 11,733 बीएलओ को मिलेगा मोबाइल रिचार्ज भत्ता, घर-घर जाकर मतदाता गणना फॉर्म करेंगे डिजिटलाइज

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर एलन मस्क, टेस्ला, स्पेसएक्स और xAI की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन बाजार और निवेशकों में भारी उत्साह है। मस्क की संपत्ति अब दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति से सैकड़ों अरब डॉलर आगे निकल चुकी है और वे तेजी से दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page