Nainital: स्कूल में अचानक बिगड़ी तबीयत, 9 वर्षीय दिव्यांग छात्रा की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

खबर शेयर करें

रामनगर (नैनीताल)। रामनगर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बसई स्थित जेएसआर इंदु इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली नौ वर्षीय दिव्यांग छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। शनिवार सुबह बच्ची विद्यालय परिसर में अचेत अवस्था में मिली, जिसके बाद स्कूल प्रशासन उसे तत्काल सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचा। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि विद्यालय में भी शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जसपुर के रायपुर निवासी राज सिंह के तीन बच्चे हैं और तीनों जन्म से ही दिव्यांग हैं। बच्चों की शिक्षा और बेहतर देखभाल को ध्यान में रखते हुए उन्होंने हाल ही में अपने तीनों बच्चों का प्रवेश रामनगर के बसई स्थित जेएसआर इंदु इंटर कॉलेज में कराया था। बताया जा रहा है कि बच्चों को एक जून को विद्यालय में दाखिला दिलाया गया था। वहीं राज सिंह स्वयं भी बसई क्षेत्र की एक राइस मिल में कार्यरत हैं।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना: 3848 लाभार्थियों के खातों में सीएम धामी ने ऑनलाइन भेजे 33.22 करोड़ रुपये

विद्यालय प्रशासन के अनुसार, बच्चों की विशेष परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें प्रवेश देने के बाद निगरानी में रखा गया था। मृतक छात्रा प्रज्ञा तीनों भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। वह मानसिक और शारीरिक रूप से दिव्यांग थी तथा काफी कमजोर भी बताई जा रही है।

शनिवार सुबह जब विद्यालय की गतिविधियां शुरू हुईं तो प्रज्ञा अचेत अवस्था में मिली। उसकी हालत देखकर स्कूल स्टाफ के हाथ-पांव फूल गए। तत्काल उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: सुखवंत सिंह आत्महत्या केस...IG STF ने किया क्राइम सीन का निरीक्षण, साक्ष्य संरक्षण के निर्देश, पीड़ित परिवार की सुरक्षा बढ़ी

मासूम की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। बेटी को खोने के बाद माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की आंखें भी इस दर्दनाक दृश्य को देखकर नम हो गईं।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में अवैध मदरसों पर प्रशासन का शिकंजा, कई मदरसे सील

कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामले में किसी तरह की संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद विद्यालय में भी शोक की लहर है। शिक्षकों और कर्मचारियों ने छात्रा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत बालिका की आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page