देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत एक क्लिक में अप्रैल माह की पेंशन जारी कर दी। इस दौरान राज्य पोषित योजनाओं के 7,56,682 लाभार्थियों के खातों में कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि सीधे ट्रांसफर की गई।
जारी की गई पेंशन में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन शामिल हैं। सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना के तहत समाज के कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए नियमित रूप से कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके चलते हर साल 60 हजार से अधिक नए लोग पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों का समय से सर्वे कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराई जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही उन्हें पेंशन का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, इसके लिए आय मानकों को व्यावहारिक बनाया जाए और सभी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही विभाग को नवाचार अपनाने और कॉल सेंटर के माध्यम से पेंशनर्स से संवाद बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम में विभागीय मंत्री खजान दास ने कहा कि सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, निदेशक समाज कल्याण डॉ. संदीप तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

