भीमताल: श्यामखेत में सीवर टैंक की सफाई के दौरान गैस से दम घुटने से युवक की मौत, एक बेहोश

खबर शेयर करें

भीमताल। भवाली नगर के श्यामखेत क्षेत्र में बुधवार को सीवर टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस का असर होने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी बेहोश हो गया। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार विजय कुमार (पुत्र वेद राम) और गौरव (पुत्र रामेश्वर), दोनों निवासी टमट्यूडा, बुधवार को श्यामखेत में सीवर टैंक की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान विजय कुमार टैंक के अंदर बेहोश होकर गिर पड़ा। जब गौरव उसे बचाने के लिए नीचे उतरा तो वह भी गैस की चपेट में आ गया।

यह भी पढ़ें 👉  चमोली हिमस्खलन: सर्च और रेस्क्यू अभियान पूरा, लापता चार श्रमिकों के शव मिले, आठ हुई मृतकों की संख्या

मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को किसी तरह बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने विजय कुमार को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया। वहीं गौरव की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: सुखवन्त सिंह आत्महत्या प्रकरण में SIT ने कसा शिकंजा, SSP उधमसिंहनगर समेत 5 पुलिस अधिकारियों को नोटिस

सूचना मिलते ही थाना भवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बताया गया कि मृतक विजय कुमार के तीन छोटे बच्चे हैं। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता की मांग की है।