कोहरे की चपेट में यमुना एक्सप्रेसवे: 8 बसों व 3 कारों की भीषण भिड़ंत, 4 की मौत, 25 घायल

खबर शेयर करें

मथुरा। घने कोहरे ने मंगलवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण तबाही मचा दी। आगरा से नोएडा की ओर जा रहे वाहनों की रफ्तार और दृश्यता शून्य होने के बीच 8 बसें और 3 कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर के तुरंत बाद कई वाहनों में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 4 यात्रियों की जलकर मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: दिव्यांग बच्चों के सपनों को पंख दे रहा 'सेवालय' केंद्र, सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीना सीखा रहा जीवन

हादसा थाना बलदेव क्षेत्र के गांव खड़ेहरा के पास माइलस्टोन 127 के नजदीक हुआ। सूचना मिलते ही मथुरा पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस सेवाएं मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के साथ-साथ फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। कई यात्री आग की लपटों में फंसे रहे, जबकि कुछ ने बस से कूदकर जान बचाई। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोहरा इतना घना था कि कुछ ही मीटर आगे दिखाई नहीं दे रहा था। इसी कारण एक वाहन के रुकते ही पीछे से आ रहे वाहन उससे टकराते चले गए और देखते ही देखते एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। टक्कर के बाद लगी आग ने हालात और भयावह बना दिए।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand Weather Update: ऊंचाई वाले इलाकों में फिर बदलेगा मौसम, आज बारिश-बर्फबारी के आसार

हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश देते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को राहत व उपचार कार्यों में पूरी तत्परता बरतने के आदेश दिए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: आईएएस अधिकारियों पर सरकार सख्त, बिना मंजूरी छुट्टी नहीं

इधर, मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि 17 दिसंबर को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा बना रह सकता है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में भी ठंड और कोहरे का असर जारी रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट के आसार हैं। ऐसे में वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे कोहरे में धीमी गति, फॉग लाइट और सुरक्षित दूरी का पालन करें।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page