नकली जेवर पहनकर शादी में गईं महिलाएं, चोर असली वाले ही ले उड़े…फ्रिज की मिठाई तक नहीं छोड़ी

खबर शेयर करें

रामनगर। पीरूमदारा क्षेत्र में एक सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। शादी समारोह में शामिल होने आई महिलाओं ने एहतियातन अपने असली जेवर घर में सुरक्षित रख दिए, और समारोह में नकली जेवर पहनकर गई थीं। लेकिन उनकी यह सावधानी ही चोरों के लिए मौके में बदल गई। चोर रात में बंद घर पर धावा बोलकर लाखों के असली जेवर, नकदी और सामान उड़ा ले गए—इतना ही नहीं, फ्रिज में रखी मिठाई तक चट कर गए।

यह भी पढ़ें 👉  फर्जी पासपोर्ट प्रकरण: आचार्य बालकृष्ण सीबीआई कोर्ट में पेश, पूर्व प्रिंसिपल के बयान होंगे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से

टांडा मल्लू निवासी रमेश सुयाल अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ बुधवार रात गांव में ही एक शादी में शामिल होने गए थे। पूरा परिवार समारोह में व्यस्त रहा और घर रात भर सूना पड़ा रहा।

सुबह लौटे रमेश ने देखा कि घर के बाहर जाली वाले दरवाजे का ताला टूटा पड़ा है। भीतर घुसे तो कमरों का सामान छिन्न-भिन्न था। सूचना पर पीरूमदारा चौकी इंचार्ज वीरेंद्र बिष्ट टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पीड़ित रमेश के अनुसार, चोर सोने की नथ, मांगटीका, झुमके, मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, तथा चांदी की पायल, बिछुए, सिक्के समेत करीब पांच लाख रुपये से अधिक के जेवर ले गए। चोरों ने करीब 30 हजार रुपये नकद, बच्चे का स्कूल बैग, किताबें और कई सूट भी चोरी कर लिए।

यह भी पढ़ें 👉  'आशीर्वाद दे दो…' सोशल मीडिया पर शादी का ऐलान, सास-दामाद की कथित कोर्ट मैरिज चर्चा में

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोर जाते-जाते फ्रिज में रखी मिठाई तक खा गए। घटना स्थल से पुलिस को एक आईडी की फोटो कॉपी भी मिली है, जो चोरों में से किसी की होने की संभावना बताई जा रही है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  मोजतबा खामेनेई की नियुक्ति पर अमेरिकी नेताओं की तीखी प्रतिक्रिया, कहा- ‘पिता की तरह ही होगा अंजाम’

परिवार के मुताबिक, शादी में शामिल होने आई महिलाओं ने चोरी के डर से अपने असली जेवर घर में रख दिए थे और नकली पहनकर समारोह में गई थीं। लेकिन जिन जेवरों को सुरक्षित समझकर घर में छोड़ा गया, चोरों ने वही सब पार कर दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश तेज कर दी है। इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page