किच्छा। ऊधमसिंह नगर जिले के पुलभट्टा क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक विवाहित महिला को उसके पति ने एक युवक के साथ होटल के कमरे में पकड़ लिया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी हुई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और युवक को भीड़ के बीच से निकालकर थाने ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, दरऊ क्षेत्र निवासी दो बच्चों की मां मंगलवार दोपहर एक युवक के साथ पुलभट्टा थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में पहुंची थी। महिला के पति को पहले से ही उसकी गतिविधियों पर संदेह था। बताया जा रहा है कि इसी शक के आधार पर वह कुछ परिचितों के साथ पत्नी का पीछा करते हुए होटल तक पहुंच गया।
होटल में पहुंचने पर पति ने दोनों को एक कमरे में देख लिया। इसके बाद मौके पर विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मामला हंगामे में बदल गया। शोर-शराबा सुनकर होटल परिसर और आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुस्साए लोगों ने युवक के साथ मारपीट भी की, जिससे वहां तनाव का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलभट्टा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। चूंकि मामला दो समुदायों से जुड़ा बताया जा रहा था, इसलिए पुलिस ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तुरंत हस्तक्षेप किया। पुलिस ने भीड़ के बीच फंसे युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और थाने ले गई। वहीं महिला को भी सुरक्षित हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया गया।
इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अब होटल के रिकॉर्ड, एंट्री रजिस्टर और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दोनों किस परिस्थिति में होटल पहुंचे थे और होटल प्रबंधन द्वारा नियमों का पालन किया गया था या नहीं।
पुलभट्टा थाना प्रभारी प्रदीप मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और युवक के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पूरे घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

