तीन से सात नवंबर तक उत्तराखंड में मौसम रहेगा शुष्क, 3400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार
देहरादून। उत्तराखंड के पहाड़ों में सर्दी ने दस्तक तेज कर दी है। बदरीनाथ धाम में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने के साथ बर्फबारी हुई है। बर्फ की सफेद चादर में लिपटी चोटियों और आसपास के क्षेत्र का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया है। हालांकि, बर्फबारी के बाद तापमान में आई गिरावट ने ठिठुरन बढ़ा दी है। सर्द हवाओं के चलते धाम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
बदरीनाथ धाम और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का असर साफ दिखाई दे रहा है। पहाड़ों पर जमी बर्फ ने जहां प्राकृतिक सौंदर्य में चार चांद लगा दिए हैं, वहीं ठंड बढ़ने से लोगों को सर्दी का अहसास होने लगा है। मौसम में आए इस बदलाव के बाद पूरे क्षेत्र में तापमान नीचे गिरा है।
दीपावली से पहले मौसम देगा राहत
एक ओर पहाड़ों में बर्फबारी से ठंड बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर दीपावली से पहले प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार सूर्य की चमक बढ़ने से दिन के तापमान में इजाफा हो सकता है। सोमवार को प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
सात नवंबर तक मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार तीन से सात नवंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, 3400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। ऐसे में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर बना रहेगा।

