उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जनपद मुख्यालय और यमुनोत्री घाटी में भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। अचानक धरती डोलने से लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.2 मापी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिला मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर बताया गया है। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
यमुनोत्री घाटी के खरसाली गांव में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। गांव के तीर्थ पुरोहित पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि रात 8 बजकर 7 मिनट पर भूकंप का तेज झटका महसूस हुआ। इस दौरान घरों में रखे टीवी हिलते हुए दिखाई दिए। अचानक धरती में कंपन होने से लोग घबरा गए और एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए।
उत्तरकाशी जिला मुख्यालय में भी भूकंप के झटकों से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। कंपन महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। अचानक आए झटकों से लोग सहम गए और सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे।
गौरतलब है कि उत्तरकाशी जनपद भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र है। ऐसे में भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोग सतर्क हो गए। फिलहाल जिले में किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।

