कोटद्वार। उत्तराखंड के कालागढ़ में सिंचाई विभाग के अवर अभियंता का शव उनके सरकारी आवास के बाथरूम में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के दाहिने हाथ की उंगली झुलसी हुई मिली है। ऐसे में करंट लगने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को कालागढ़ की नई कॉलोनी स्थित राजकीय आवास संख्या ए-68 के बाथरूम में रामगंगा बांध परियोजना के सैडिल बांध पर तैनात अवर अभियंता अनिल कुमार (45) का शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया।
मृतक के दाहिने हाथ की उंगली पर झुलसने के निशान मिले हैं। प्रारंभिक आशंका है कि बाथरूम में नहाने के लिए पहुंचने के दौरान उन्हें करंट लगा होगा। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

