रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और प्रभावी चेकिंग में लापरवाही के मामले में एसएसपी अजय गणपति ने कार्रवाई की है। कुंडा कोतवाली क्षेत्र में 10 अक्टूबर को हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत और सात लोगों के घायल होने के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई की गई है। एसएसपी ने दो चौकी प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
कार्रवाई की जद में शिवराजपुर पट्टी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सौरभ भारती और मंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज देव आए हैं। दोनों कुंडा कोतवाली क्षेत्र में तैनात थे। एसएसपी के आदेश के बाद दोनों अधिकारियों को चौकी की जिम्मेदारी से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, कुंडा क्षेत्र में हुए हादसे के बाद सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने में लापरवाही का संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की गई है। हादसे में तीन लोगों की जान जाने और सात लोगों के घायल होने की घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर अपनी कार्रवाई तेज की है।

