पिथौरागढ़। मुवानी-थल सड़क पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। तीनों युवक एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, थल क्षेत्र के मालासीमा गांव निवासी प्रदीप ज्याला (24) पुत्र दरपान ज्याला, बॉबी सिंह देऊपा (19) पुत्र डिगर सिंह देऊपा तथा बलवंत सिंह भंडारी (25) पुत्र प्रमोद सिंह भंडारी शनिवार दोपहर करीब दो बजे बाइक से थल से मुवानी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चोपड़ा क्षेत्र के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरे गधेरे में जा गिरी।
हादसे में प्रदीप ज्याला और बॉबी सिंह देऊपा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बलवंत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को गधेरे से बाहर निकाला गया। घायल युवक को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुवानी भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्रकाश पांडे ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
एक ही गांव के दो युवकों की असमय मौत से मालासीमा गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

