Uttarakhand: ’24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो थाने में आत्मदाह करूंगी’…विवाहिता का वीडियो वायरल, पुलिस और विधायक पर लगाए गंभीर आरोप

खबर शेयर करें

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कपकोट थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का सोशल मीडिया पर जारी वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में महिला ने आरोपी की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी नहीं होने पर कपकोट थाने में आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। महिला ने कहा कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढ़िया की होगी।

वीडियो में विवाहिता ने आरोप लगाया कि जगदीश गोस्वामी नाम का व्यक्ति इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार उसके खिलाफ वीडियो प्रसारित कर उसकी छवि धूमिल कर रहा है। महिला का कहना है कि आरोपी यह भी दावा कर रहा है कि उसने विधायक सुरेश गढ़िया से तीन करोड़ रुपये और एक वाहन लिया है तथा उसके पास इसके सबूत मौजूद हैं। महिला ने कहा कि यदि वास्तव में कोई साक्ष्य हैं तो उन्हें सार्वजनिक किया जाए। साथ ही विधायक भी इस पूरे मामले पर सामने आकर अपनी स्थिति स्पष्ट करें, ताकि सच्चाई लोगों के सामने आ सके।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: नीट-यूजी पुनः परीक्षा के अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में मिलेगी मुफ्त यात्रा सुविधा

महिला का आरोप है कि वर्ष 2024 से लगातार सोशल मीडिया के जरिए उसे बदनाम किया जा रहा है। उसने पहले भी पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उस समय कार्रवाई का भरोसा दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पांच दिन पहले भी उसने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी, लेकिन अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इस बीच आरोपी लगातार उसके खिलाफ वीडियो जारी कर रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  रेल से टकराकर घायल गजराज ने तोड़ा दम, चार दिन तक चला इलाज

विवाहिता ने दावा किया कि लगातार हो रही बदनामी का असर उसके पूरे परिवार पर पड़ा है। उसके पति ने टैक्सी चलाना बंद कर दिया है, जबकि उसकी बेटी भी स्कूल जाने से कतराने लगी है। महिला ने पुलिस से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और उसके द्वारा लगाए गए आरोपों की सच्चाई सार्वजनिक करने की मांग की है।

वीडियो में महिला ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया और उसे न्याय नहीं मिला तो वह कपकोट थाने में आत्मदाह करेगी। उसने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढ़िया की होगी।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: सनसनीखेज वारदात...फॉरेस्ट वाचर की कुल्हाड़ी से हत्या, साथी पर लगा कत्ल का आरोप

उधर, कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया ने कहा कि उन्होंने इस मामले में पुलिस अधीक्षक को अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी की छवि खराब करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और ऐसे लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं, कपकोट थाने के एसआई विवेक भट्ट ने बताया कि आरोपी जगदीश गोस्वामी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। फिलहाल वह पुलिस की पकड़ से बाहर है, लेकिन उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई जारी है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page