टीवी के 50 से अधिक धारावाहिकों में कर चुके हैं अभिनय, उत्तराखंड के भीमताल और नैनीताल में हुई फिल्म की करीब 50 प्रतिशत शूटिंग
हल्द्वानी। उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के लिए गौरव की बात है कि हल्द्वानी निवासी अभिनेता रोमांच मेहता की नई बॉलीवुड फिल्म ‘तुम मेरे हो’ देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। टेलीविजन की दुनिया में अपनी अभिनय प्रतिभा से पहचान बनाने वाले रोमांच अब बड़े पर्दे पर भी अपनी छाप छोड़ रहे हैं। फिल्म की करीब 50 प्रतिशत शूटिंग भीमताल और नैनीताल में की गई है, जिससे उत्तराखंड की प्राकृतिक खूबसूरती और स्थानीय परिवेश को बड़े पर्दे पर दिखाने का अवसर मिला है।
हल्द्वानी के रामपुर रोड, गली नंबर 10 निवासी रोमांच मेहता ने बताया कि फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड में करने का उद्देश्य प्रदेश की संस्कृति और खूबसूरत लोकेशंस को बड़े पर्दे पर पहचान दिलाना भी है। कुमाऊं क्षेत्र में फिल्म की शूटिंग होने से स्थानीय पर्यटन स्थलों को भी व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर मिला है।
50 से अधिक टीवी धारावाहिकों में कर चुके हैं अभिनय
रोमांच मेहता टेलीविजन जगत में लंबे समय से सक्रिय हैं। उन्होंने अपने अभिनय करियर में ‘रामायण’, ‘छन-छन’, ‘गंगा’, ‘देवों के देव महादेव’, ‘मेरे अंगने में’, ‘सिया के राम’, ‘कुल्फी कुमार बाजेवाला’, ‘कभी-कभी इत्तेफाक से’, ‘न्योनतारा’ और ‘दिलों की रामलीला’ जैसे करीब 50 से अधिक टीवी धारावाहिकों में काम किया है। विभिन्न भूमिकाओं के माध्यम से उन्होंने दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाई है।
अभिषेक बच्चन के साथ भी कर चुके हैं काम
रोमांच मेहता की पहली बॉलीवुड फिल्म ‘तेरा जादू चल गया’ थी, जिसमें उन्हें अभिनेता अभिषेक बच्चन के साथ काम करने का अवसर मिला। अब उनकी नई फिल्म ‘तुम मेरे हो’ उनके फिल्मी करियर का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है।
इस फिल्म में रोमांच ने को-प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ फिल्म के मुख्य नायक के करीबी दोस्त का किरदार भी अदा किया है। अभिनय के साथ निर्माण से जुड़ना मनोरंजन जगत में उनके अनुभव और सक्रियता को दर्शाता है।
हल्द्वानी के युवाओं के लिए बने प्रेरणा
रोमांच मेहता के पिता स्वर्गीय डॉ. सुभाष मेहता थे। हल्द्वानी से अपने सफर की शुरुआत कर टेलीविजन और बॉलीवुड तक पहचान बनाने वाले रोमांच की उपलब्धि स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
उनका सफर इस बात का उदाहरण है कि प्रतिभा, मेहनत और निरंतर प्रयास के बल पर मनोरंजन जगत में नए अवसर हासिल किए जा सकते हैं। फिल्म ‘तुम मेरे हो’ के रिलीज होने के साथ ही रोमांच मेहता एक बार फिर बड़े पर्दे पर दर्शकों के सामने हैं। वहीं, फिल्म की शूटिंग का बड़ा हिस्सा उत्तराखंड में होना प्रदेश के लिए भी खास महत्व रखता है।

