Uttarakhand: दलेर मेहंदी विवाद पर सुलह की पहल…सुबोध उनियाल ने मांगी माफी, CM धामी ने दोनों भाइयों को दिया न्योता

खबर शेयर करें

देहरादून। टिहरी के कुंजापुरी मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर उठा विवाद अब सुलझता नजर आ रहा है। मामले को शांत करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहल करते हुए दलेर मेहंदी और उनके भाई मीका सिंह से बातचीत की है। मुख्यमंत्री ने दोनों गायकों को उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया है। वहीं, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से दलेर मेहंदी से फोन पर माफी मांगने की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: चलती रोडवेज बस में अचानक लगी आग...15 यात्री थे सवार, सभी सुरक्षित

मुख्यमंत्री की इस पहल का मीका सिंह ने स्वागत किया है। उन्होंने बातचीत का हवाला देते हुए कहा कि कलाकारों के सम्मान और गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए। मीका ने मुख्यमंत्री के बातचीत करने के तरीके की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि विवाद को आपसी सम्मान के साथ समाप्त किया जा सकेगा।

दोनों भाइयों को उत्तराखंड आने का न्योता

मीका सिंह के मुताबिक, मुख्यमंत्री धामी ने उनसे और दलेर मेहंदी से बातचीत की और दोनों को उत्तराखंड आने के लिए आमंत्रित किया। मीका सिंह की टीम ने भी इस पहल का स्वागत किया है। इससे दोनों गायकों के प्रदेश में कार्यक्रम करने की संभावनाओं को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, कार्यकर्ता सम्मेलन में कई लोगों ने थामा हाथ

कैसे शुरू हुआ था विवाद?

दरअसल, सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने हस्तक्षेप किया था। मंत्री ने गायक पर लिप-सिंक करने का आरोप लगाया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। इस घटनाक्रम पर मीका सिंह ने सार्वजनिक रूप से अपने बड़े भाई का समर्थन किया था। मामला कलाकारों के सम्मान और मंच पर प्रस्तुति को लेकर चर्चा में आ गया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड सरकार ने पीएनजी और सीएनजी पर वैट में की बड़ी कटौती

सुबोध उनियाल के आधिकारिक बयान का इंतजार

विवाद के बीच मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से दलेर मेहंदी से फोन पर माफी मांगने की चर्चा सामने आई है। हालांकि, इस बारे में मंत्री की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो पाई।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page