हल्द्वानी। उत्तराखंड के होनहार किसान नरेंद्र सिंह मेहरा को उनके अभिनव कृषि कार्यों और परंपरागत बीज संरक्षण के लिए कृषि मंत्रालय भारत सरकार की ओर से सम्मानित किया गया। उन्हें पौधा किस्म एवं किसान अधिकार संरक्षण प्राधिकरण के 21वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में “पादप जीनोम संरक्षक कृषक मान्यता पुरस्कार 2022-23” (Plant Genome Saviour Award) से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. त्रिलोचन महापात्रा, तथा केंद्रीय कृषि सचिव देवेश त्रिवेदी द्वारा संयुक्त रूप से स्मृति चिन्ह, शाल और प्रशस्ति पत्र देकर प्रदान किया गया।
नैनीताल जनपद के गौलापार (हल्द्वानी) निवासी नरेंद्र सिंह मेहरा को यह पुरस्कार उनकी विकसित गेहूं की प्रजाति “नरेंद्र-09” के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए दिया गया। यह प्रजाति प्राकृतिक और परंपरागत बीज संरक्षण के क्षेत्र में उनकी दीर्घकालिक मेहनत और नवाचार का परिणाम है।
समारोह में देशभर से चार किसान समुदायों और छह व्यक्तिगत किसानों को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड के उप प्रबंधक डॉ. विजय कुमार दोहरे ने समारोह स्थल पर पहुंचकर मेहरा को बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि समारोह के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी पहनकर किसान नरेंद्र सिंह मेहरा का सम्मान किया, जिससे राज्य के किसानों का गौरव और बढ़ गया।
