दो बेटियों और एक बेटे की लंबी उम्र के लिए मांगेगी दुआ, जेल प्रशासन से मांगी पूजा सामग्री, करवाचौथ पर 37 महिला बंदियां भी रखेंगी व्रत
मेरठ। पति की हत्या के मामलों में फांसी की सजा पाने वाली मुस्कान और रविता, जबकि पति की हत्या के मामले में जेल में बंद दामिनी अब अपनी संतानों की लंबी उम्र के लिए व्रत रखेंगी। सलाखों के पीछे जिंदगी गुजार रही इन तीनों महिला बंदियों ने एक नवंबर को अहोई अष्टमी का व्रत रखने की इच्छा जताई है। इसके लिए जेल प्रशासन से पूजा सामग्री उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। जिन महिलाओं के नाम कभी सनसनीखेज हत्याकांडों को लेकर सुर्खियों में रहे, वे अब अपने बच्चों की सलामती की कामना के लिए धार्मिक अनुष्ठान करना चाहती हैं।
चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में बंद इन महिलाओं की मांग पर जेल प्रशासन ने पूजा सामग्री उपलब्ध कराने की बात कही है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के अनुसार, तीनों महिला बंदियों ने अहोई अष्टमी का व्रत रखने की अनुमति मांगी है। उन्हें पूजा के लिए आवश्यक सामग्री मुहैया कराई जाएगी।
नीले ड्रम हत्याकांड की मुस्कान रखेंगी बेटियों के लिए व्रत
चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में फांसी की सजा के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने वाली मुस्कान रस्तोगी अपनी दोनों बेटियों की लंबी उम्र के लिए अहोई अष्टमी का व्रत रखेंगी। नीले ड्रम वाले हत्याकांड ने देशभर में सुर्खियां बटोरी थीं। अब जेल में बंद मुस्कान ने अपनी बेटियों के लिए व्रत रखने की इच्छा जताई है।
इसी तरह बहसूमा में पति अमित कश्यप की हत्या के मामले में मृत्युदंड की सजा पा चुकी रविता भी अपने बच्चों की दीर्घायु के लिए व्रत रखेगी। आरोप है कि पति की हत्या के बाद उसने बिस्तर पर सांप छोड़ दिया था। इस मामले ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
पति की हत्या के मामले में बंद दामिनी भी मांगेगी बेटे की लंबी उम्र की दुआ
हस्तिनापुर में पति अतुल पंवार की हत्या के मामले में जेल में बंद दामिनी ने भी अहोई अष्टमी का व्रत रखने की इच्छा जताई है। वह अपने इकलौते बेटे की लंबी उम्र की कामना करेगी। तीनों महिला बंदियों ने जेल प्रशासन से पूजा सामग्री उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
करवाचौथ पर 37 महिला बंदियों की भी तैयारी
जेल में त्योहारों की रौनक का एक और दृश्य देखने को मिलेगा। चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में अलग-अलग मामलों में बंद 37 महिला बंदियां करवाचौथ का व्रत रखेंगी। ये महिलाएं पति की दीर्घायु और अखंड सुहाग की कामना के लिए व्रत रखेंगी। इसके लिए जेल प्रशासन से करवा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि करवाचौथ का व्रत रखने वाली महिला बंदियों को करवा मुहैया कराया जाएगा। जेल में नियमानुसार बंदियों को पूजा-पाठ की सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।

