सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। शादी समारोह से लौट रहे युवकों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
Tragic Accident: Scorpio Hits Tree, 4 Dead, 2 Critical: पुलिस के अनुसार सभी युवक रोहतक जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी थे और गांव भावड़ से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। हादसा घडवाल से भावड़ रोड पर हुआ, जहां एचआर-98 बी-9988 नंबर की काली स्कॉर्पियो बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराई।
टक्कर के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकाला गया।
हादसे में गोलू निवासी गांव घुसकानी, अकुश पुत्र जयपाल, दीपक और साहिल पुत्र सतबीर निवासी गांव खिडवाली की मौके पर ही मौत हो गई। चारों की उम्र करीब 25 से 28 वर्ष के बीच बताई जा रही है। गोलू विवाहित था, जबकि अन्य तीन युवक अविवाहित थे।
अंकित पुत्र राजकिशन और सागर पुत्र दया किशन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। मोहित पुत्र अशोक निवासी गांव खिडवाली को मामूली चोटें आईं और वह सुरक्षित बताया जा रहा है।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। चारों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
इस हादसे की खबर मिलते ही गांव खिडवाली, घुसकानी और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
