होर्मुज में जंग जैसे हालात के बीच भारत को राहत, LPG से लदे दो जहाज सुरक्षित पहुंचे आगे

खबर शेयर करें

नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर गहराए संकट के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय गंतव्य की ओर जा रहे दो एलपीजी जहाजों ने सफलतापूर्वक होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर लिया है। हालांकि इसी दौरान ओमान के तट पर भारतीय ध्वज वाले जहाज पर हुए हमले ने समुद्री सुरक्षा और वैश्विक व्यापार को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है।

रिपोर्ट्स के अनुसार एलपीजी जहाज ‘सिमी’ और ‘एनवी सनशाइन’ ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय कुछ समय के लिए अपने ट्रांसपोंडर बंद कर दिए थे। गुरुवार को दोनों जहाज ओमान की खाड़ी में आगे बढ़ते देखे गए। माना जा रहा है कि क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव और सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए यह कदम उठाया गया।

यह भी पढ़ें 👉  वर्जीनिया में भारतीय मूल के पिता-पुत्री की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जानकारी के मुताबिक संयुक्त अरब अमीरात की रुवैस रिफाइनरी से एलपीजी लेकर निकला ‘एनवी सनशाइन’ भारत के मंगलौर बंदरगाह की ओर बढ़ रहा है, जबकि ‘सिमी’ जहाज कतर के रस लाफान बंदरगाह से गुजरात के कांडला के लिए ईंधन लेकर रवाना हुआ था।

पश्चिम एशिया में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि ईरान के साथ युद्धविराम “लाइफ सपोर्ट” पर है। इसके साथ ही परमाणु कार्यक्रम और होर्मुज जलडमरूमध्य के नियंत्रण को लेकर दोनों देशों के बीच टकराव और गहरा गया है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: जयघोष और अरदास के बीच खुले हेमकुंड साहिब के कपाट, पहले दिन पहुंचे सात हजार श्रद्धालु

ट्रंप ने ईरान की ओर से भेजे गए शांति प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया था। बताया जा रहा है कि यह प्रस्ताव पाकिस्तान के माध्यम से अमेरिका तक पहुंचाया गया था, जो दोनों देशों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है।

इसी बीच ओमान के जलक्षेत्र में भारतीय ध्वज वाले जहाज ‘हाजी अली’ पर हमला होने की घटना ने हालात की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। यह मोटर चालित पारंपरिक डाउ जहाज सोमालिया से यूएई के शारजाह जा रहा था। बुधवार तड़के जहाज पर हमला हुआ, जिससे उसमें आग लग गई और बाद में वह डूब गया।

यह भी पढ़ें 👉  देवरिया: सऊदी से लौटे युवक की लाश ट्रॉली बैग में मिली, पत्नी और प्रेम प्रसंग में परिजनों की संलिप्तता की आशंका

घटना की पुष्टि पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगला ने की। उन्होंने बताया कि जहाज पर सवार भारतीय चालक दल को सुरक्षित बचा लिया गया।

वहीं विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि वाणिज्यिक जहाजों और निर्दोष नागरिक चालक दल को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि भारत समुद्री व्यापार और नौवहन की स्वतंत्रता को बाधित करने वाली किसी भी कार्रवाई का विरोध करता है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page