नैनीताल: नववर्ष को लेकर पुलिस अलर्ट…SSP ने ली समीक्षा बैठक, बॉर्डर से शहर तक कड़ी निगरानी

खबर शेयर करें

नैनीताल। विंटर कार्निवाल, नैनीताल महोत्सव और आगामी क्रिसमस, 31 दिसंबर व नववर्ष 2025 के मद्देनजर जनपद नैनीताल में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सैलानियों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और कार्यक्रमों के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड स्वयं कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और उनके निर्देशों के अनुपालन में जिलेभर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार (24 दिसंबर) को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने ड्यूटी में तैनात सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए स्पष्ट और सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर: ढिकुली के पास बस पलटी, छह घायल, ऑटो को बचाने में हुआ हादसा

एसएसपी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रमों की समाप्ति तक सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी वर्दी में रहेंगे तथा मोबाइल फोन हर समय ऑन रखेंगे। सभी बैरियरों पर वीडियो कैमरों के साथ पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी और लगातार वीडियोग्राफी व निगरानी सुनिश्चित होगी।

जनपद के सभी बॉर्डर और प्रमुख मार्गों—कालाढूंगी, हल्द्वानी, भीमताल, भवाली, ज्योलिकोट, कैंची, खैरना, क्वारब, नथुवाखान, लक्ष्मीखान सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर दिन-रात सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: कैबिनेट बैठक आज, उपनल कर्मियों के समान वेतन और नियमितीकरण समेत कई बड़े फैसलों पर नजर

इसके साथ ही सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि होटल और रिसॉर्ट में ठहरने वाले विदेशी पर्यटकों का फॉर्म-सी भरना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराया जाए। फॉर्म-सी न भरने की स्थिति में संबंधित होटल या रिसॉर्ट संचालक के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। होटल-रिसॉर्ट संचालकों के साथ गोष्ठी आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

नैनीताल पुलिस सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखे हुए है। अफवाह, भ्रामक सूचना या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में ख्रीष्ट महोत्सव का भव्य आयोजन, कुमाऊं में मसीही एकता और प्रेम का संदेश

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने कहा कि विंटर कार्निवाल आठ वर्षों बाद आयोजित हो रहा है और यह खुशी व उत्साह का पर्व है। सभी लोग कानून के दायरे में रहकर इसका आनंद लें। कानून तोड़ने वाले, अराजक तत्व या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page