हल्द्वानी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संत निरंकारी मिशन की हल्द्वानी शाखा एवं आयुष योग एवं आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को योग एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जगदंबानगर स्थित श्री श्री गणपति बैंक्वेट हॉल में आयोजित हुआ।
स्थानीय संयोजक आनंद सिंह नेगी ने बताया कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के आशीर्वाद से आयोजित कार्यक्रम में योगाचार्या पाला मेहता के निर्देशन में सुबह 6:30 बजे से 7:45 बजे तक योग सत्र आयोजित किया गया। इसमें श्रद्धालु भक्तों, सेवादल स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया तथा स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों पर भी प्रकाश डाला गया।
वक्ताओं ने कहा कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज अपने संदेशों में अक्सर ‘स्वस्थ मन, सहज जीवन’ की अवधारणा पर बल देती हैं। उन्होंने बताया कि मानव शरीर ईश्वर की अमूल्य देन है और इसे स्वस्थ बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। दीर्घायु, सक्रिय और सफल जीवन के लिए योग आवश्यक है।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ रही। इसी के अनुरूप कार्यक्रम में योग को आत्मजागृति, अनुशासन और सकारात्मक जीवन दृष्टि का प्रभावी माध्यम बताते हुए लोगों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया गया।
संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के सचिव जोगिंदर सुखीजा के अनुसार, मिशन द्वारा देशभर के 1500 से अधिक केंद्रों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देना है।

