NEET UG 2026 रद्द: पेपर लीक के बाद सरकार का बड़ा फैसला, 23 लाख छात्रों की परीक्षा दोबारा होगी

खबर शेयर करें

नई दिल्ली। मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस दाखिले के लिए आयोजित देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 आखिरकार रद्द कर दी गई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने मंगलवार को आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि 3 मई 2026 को आयोजित परीक्षा अब अमान्य मानी जाएगी और इसे दोबारा कराया जाएगा। परीक्षा रद्द होने के पीछे पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितताओं के गंभीर आरोप बताए जा रहे हैं।

करीब 23 लाख अभ्यर्थियों ने इस साल नीट यूजी परीक्षा दी थी। परीक्षा खत्म होने के कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र लीक होने और कई राज्यों में संगठित गड़बड़ी की खबरें सामने आने लगी थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने जांच केंद्रीय एजेंसियों को सौंपी थी। अब पूरे प्रकरण की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी सीबीआई करेगी।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: बोर्ड परीक्षा में फिर फर्जीवाड़ा...दो ‘मुन्नी बहन’ पकड़ी गईं, सुचिता पर उठे सवाल

एनटीए ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों और कानून प्रवर्तन संस्थाओं से मिली रिपोर्टों तथा तथ्यों की समीक्षा के बाद यह स्पष्ट हुआ कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता प्रभावित हुई है। ऐसे में परीक्षा परिणाम जारी रखना उचित नहीं माना गया। एजेंसी ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली पर लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए यह कदम उठाना आवश्यक था।

छात्रों को दोबारा आवेदन नहीं करना होगा

एनटीए ने छात्रों को राहत देते हुए साफ किया है कि पहले से किया गया पंजीकरण, उम्मीदवारों का विवरण और चुने गए परीक्षा केंद्र पुनर्परीक्षा के लिए स्वतः मान्य रहेंगे। छात्रों को फिर से आवेदन नहीं करना पड़ेगा और उनसे कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  हिमाचल में बादल फटने से पांच जिलों में तबाही, 325 सड़कें बंद, सेना ने संभाला मोर्चा

एजेंसी ने यह भी बताया कि दोबारा होने वाली परीक्षा की नई तिथि, एडमिट कार्ड जारी करने का कार्यक्रम और अन्य दिशा-निर्देश जल्द आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।

NTA बोली- छात्रों की परेशानी समझते हैं, लेकिन विश्वसनीयता सबसे जरूरी

एजेंसी ने माना कि परीक्षा रद्द होने और दोबारा आयोजन से लाखों छात्रों और उनके परिवारों को मानसिक दबाव और कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। इसके बावजूद परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

यह भी पढ़ें 👉  ईरान-इजरायल तनाव के बीच ट्रंप ने दी हमले की मंजूरी, अंतिम आदेश पर रोक

एनटीए ने कहा कि यदि समय रहते यह कदम नहीं उठाया जाता तो राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली की साख को लंबे समय तक नुकसान पहुंच सकता था।

हेल्पलाइन नंबर जारी

छात्रों और अभिभावकों की सहायता के लिए एनटीए ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। अभ्यर्थी 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही एजेंसी ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अपुष्ट खबरों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page