आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, कैंचीधाम में व्यवस्थाएं होंगी चाक-चौबंद
नैनीताल: कैंचीधाम में वीकेंड पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार, नैनीताल में आयुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।
होटल बुकिंग के बाद ही आएं श्रद्धालु
आयुक्त दीपक रावत ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे होटल की अग्रिम बुकिंग कर ही कैंचीधाम आएं, ताकि वीकेंड पर अनावश्यक भीड़ और यातायात दबाव को नियंत्रित किया जा सके।
उन्होंने वीकेंड के दौरान सभी उपजिलाधिकारियों, सीओ, एआरटीओ और जिला पर्यटन अधिकारी को आपसी समन्वय के साथ यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए।
टैक्सी बाइक की होगी नियमित चेकिंग
परिवहन विभाग को वीकेंड पर टैक्सी बाइक की नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा विकास भवन पार्किंग और सेनिटोरियम में परिवहन विभाग के बूथ स्थापित किए जाएंगे, जिससे यातायात व्यवस्था को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सके।
कैंचीधाम क्षेत्र में श्रद्धालुओं से खाद्य एवं पेय पदार्थों के लिए मनमाने दाम वसूलने पर भी प्रशासन की नजर रहेगी। आयुक्त ने सभी दुकानदारों को रेट लिस्ट प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि ओवररेटिंग पर रोक लगाई जा सके।
शिप्रा नदी में नहाने पर रोक
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए आयुक्त ने जिलाधिकारी को शिप्रा नदी में श्रद्धालुओं के नहाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर समिति को वीकेंड पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या की निगरानी के लिए हेड काउंट कैमरे लगाने को कहा गया है। मंदिर के गेट श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए स्वचालित रूप से खुलने की व्यवस्था भी 15 दिन के भीतर करने के निर्देश दिए गए हैं।
बारापत्थर के जाम पर भी मंथन
बैठक में नैनीताल के बारापत्थर क्षेत्र में वीकेंड पर लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने बताया कि टोल पास की कम चौड़ाई के कारण यहां जाम की स्थिति बनती है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को वीकेंड पर जाम की स्थिति न बनने देने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़कों को जल्द किया जाए गड्ढामुक्त
आयुक्त ने कुमाऊं मंडल की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश भी दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़कों पर डामरीकरण और पैचवर्क का कार्य किया जा रहा है। मंडलायुक्त ने सभी सड़कों का काम शीघ्र पूरा करने को कहा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में आईजी कुमाऊं नवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसई एनएच मनोहर सिंह, एसई लोनिवि राजेश पंत, आरटीओ (ई) अरविंद पांडे, एडीएम विवेक राय और प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार समेत मंदिर समिति, व्यापारी संघ, टैक्सी यूनियन और केमू यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

