बोकटा गांव में पसरा मातम, मुख्यमंत्री ने जताया शोक, घायलों के इलाज के निर्देश
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मुवानी कस्बे से बोकटा जा रही एक मैक्स जीप के सुनी पुल के पास अनियंत्रित होकर नदी में गिरने से हुआ। हादसे में जान गंवाने वालों में दो स्कूली बच्चियां भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा शाम करीब पांच बजे हुआ जब करीब 14 लोगों को लेकर जा रही जीप सुनी पुल के निकट फिसलकर लगभग 100 फीट गहरी खाई में गिरते हुए नदी में समा गई। वाहन गिरते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस और राजस्व टीमों ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला।
मारे गए लोगों की सूची:
- सिमरन (8 वर्ष) – पुत्री कुंदन सिंह
- तनुजा (14 वर्ष) – पुत्री चंद्र सिंह
- विनीता (15 वर्ष) – पुत्री चंद्र सिंह
- नरेंद्र सिंह (40 वर्ष) – पुत्र चंद्र सिंह (चालक)
- राजन सिंह (60 वर्ष) – पुत्र किशन सिंह
- होशियार सिंह (65 वर्ष) – पुत्र भीम सिंह
- शांति देवी (50 वर्ष) – पत्नी केशव राम
- दीक्षा (26 वर्ष) – पत्नी पंकज बोरा
गंभीर रूप से घायल यात्री:
- विनीता (20 वर्ष) – पुत्री बहादुर सिंह
- योगेश कुमार – पुत्र किशन राम (छात्र)
- श्याम सिंह मुनौला (35 वर्ष) – पुत्र बहादुर सिंह
- दीवान सिंह (55 वर्ष) – पुत्र भीम सिंह
- सुमित सिंह (22 वर्ष) – पुत्र प्रवीण सिंह
- पूजा मुनौला (30 वर्ष) – पत्नी कुंदन सिंह मुनौला
सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से नदी से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया, जिसके बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, तीन घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया गहरा शोक
मुख्यमंत्री ने हादसे को अत्यंत दु:खद बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, “जनपद पिथौरागढ़ के मुवानी क्षेत्र में वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति व शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। घायलों के उचित उपचार के लिए जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है।”
बोकटा गांव में पसरा मातम, शोक की लहर
सभी मृतक बोकटा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर लगते ही गांव में कोहराम मच गया। शोक में डूबे परिजन और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश
पुलिस और प्रशासन की टीमें हादसे के कारणों की गहन जांच में जुट गई हैं। प्रारंभिक जांच में बताया जा रहा है कि सड़क की स्थिति और तीव्र मोड़ के चलते वाहन अनियंत्रित हुआ।