तुर्किये में लीबिया के मिलिट्री चीफ की मौत, अंकारा से उड़ान भरते ही निजी जेट क्रैश…7 की गई जान

खबर शेयर करें

अंकारा/त्रिपोली। तुर्किये में एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है, जिसने लीबिया को गहरे शोक में डुबो दिया है। लीबिया के प्रधानमंत्री अब्दुल-हमीद दबीबे ने तुर्किये में हुए विमान हादसे में देश के सैन्य प्रमुख (मिलिट्री चीफ) मुहम्मद अली अहमद अल-हद्दाद समेत सात लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। यह दर्दनाक हादसा मंगलवार शाम उस समय हुआ, जब लीबियाई प्रतिनिधिमंडल तुर्किये की राजधानी अंकारा से आधिकारिक दौरे के बाद अपने देश लौट रहा था।

प्रधानमंत्री दबीबे की ओर से जारी बयान में इस दुर्घटना को “बेहद दुखद और लीबिया के लिए अपूरणीय क्षति” बताया गया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। हादसे का शिकार हुआ फाल्कन-50 श्रेणी का निजी विमान लीबिया के सैन्य प्रमुख, चार अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और तीन चालक दल के सदस्यों को लेकर उड़ान भर रहा था। विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  खौफनाक साजिश का पर्दाफाश...पत्नी और मासूम बेटे को जिंदा जलाया, फिर हथौड़े से की हत्या

लीबियाई अधिकारियों के अनुसार, विमान ने अंकारा के एसेनबोगा एयरपोर्ट से मंगलवार शाम करीब 8:30 बजे उड़ान भरी थी। उड़ान के लगभग 30 से 40 मिनट बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क पूरी तरह टूट गया। इससे पहले विमान ने अंकारा के दक्षिण में स्थित हायमाना जिले के पास इमरजेंसी लैंडिंग का सिग्नल भेजा था। बाद में उसी इलाके में विमान का मलबा बरामद किया गया।

तुर्किये के गृह मंत्री अली येरलिकाया ने बताया कि हादसे के बाद अंकारा के पास मलबा मिला है। स्थानीय टीवी चैनलों पर प्रसारित सुरक्षा कैमरा फुटेज में हायमाना क्षेत्र के आसमान में अचानक तेज रोशनी दिखाई दी, जिसे संभावित विस्फोट के रूप में देखा जा रहा है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण विमान में आई तकनीकी खराबी बताया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  दिल्ली दंगा मामला: उमर खालिद और शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट से झटका, 5 अन्य आरोपियों को मिली जमानत

इस हादसे में मारे गए अन्य अधिकारियों में लीबिया के जमीनी बलों के प्रमुख जनरल अल-फितौरी गरैबिल, सैन्य विनिर्माण प्राधिकरण के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल महमूद अल-कतावी, चीफ ऑफ स्टाफ के सलाहकार मोहम्मद अल-असावी दियाब और चीफ ऑफ स्टाफ कार्यालय में तैनात सैन्य फोटोग्राफर मोहम्मद उमर अहमद महजूब शामिल हैं। तीनों चालक दल के सदस्यों की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।

तुर्किये के अधिकारियों के अनुसार, लीबियाई प्रतिनिधिमंडल दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से उच्चस्तरीय रक्षा वार्ता के लिए अंकारा आया था। मुहम्मद अली अहमद अल-हद्दाद ने इस दौरान तुर्की के रक्षा मंत्री यासर गुलर समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की थी।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: KFC के पास स्कूटी की डिग्गी से उड़ाए थे 2 लाख, पुलिस ने दबोचा यूपी का शातिर टप्पेबाज

अल-हद्दाद पश्चिमी लीबिया के शीर्ष सैन्य कमांडर माने जाते थे और संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता में लीबिया की बंटी हुई सैन्य संरचनाओं को एकजुट करने के प्रयासों में उनकी अहम भूमिका रही है। ऐसे में इस हादसे को लीबिया की सुरक्षा और राजनीतिक स्थिरता के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

हादसे के बाद एहतियातन अंकारा एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और कई उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों पर डायवर्ट किया गया। फिलहाल तुर्किये और लीबिया के अधिकारी संयुक्त रूप से हादसे के कारणों की गहन जांच कर रहे हैं।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page