हल्द्वानी में कच्ची शराब ने ली दो सगे भाइयों की जान, लत में जमीन से लेकर घर के दरवाजे तक बेच डाले

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के बच्ची नगर नंबर एक में कच्ची शराब की लत ने दो सगे भाइयों की जिंदगी छीन ली। एक ही घर में रहने वाले दोनों भाई संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाई लंबे समय से कच्ची शराब के आदी थे और नशे की इस लत ने उनका पूरा जीवन तबाह कर दिया था।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सुनील कुमार (31) और मनोज कुमार (45) के रूप में हुई है। दोनों की हालत यह थी कि सुबह आंख खुलते ही शराब पीना उनकी दिनचर्या बन चुकी थी। शराब की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने अपने घर के पास स्थित करीब 800 फीट भूमि महज तीन लाख रुपये में बेच दी थी। इतना ही नहीं, शराब के लिए साइकिल और घर के दोनों दरवाजे तक बेच डाले थे।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड बोर्ड का रिजल्ट घोषित, हाईस्कूल में बागेश्वर के कमल सिंह टॉपर, 99.20% अंक हासिल कर रचा इतिहास

पुलिस ने बताया कि दोनों भाइयों की मां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, जबकि बड़े भाई मनोज कुमार की पत्नी शराब की लत से परेशान होकर करीब तीन साल पहले ही घर छोड़ चुकी है। मनोज की एक 12 वर्षीय बेटी भी है, जो पारिवारिक संकट की शिकार बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  अब सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगा 'कैशलेस' इलाज, मार्च से लागू होगी योजना

बताया जा रहा है कि सोमवार रात भी दोनों भाइयों ने अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन किया और नशे की हालत में सो गए। मंगलवार सुबह जब वे नहीं उठे तो आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को मृत अवस्था में पाया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: अस्पताल में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, विजिलेंस ने डॉक्टर को 20 हजार लेते रंगेहाथ दबोचा

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की गहन जांच की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि दोनों भाई कच्ची शराब के लती थे। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।