Haldwani: आंख के ऑपरेशन के बाद श्रमिक की मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। शहर के एक निजी अस्पताल में आंख के ऑपरेशन के बाद रामनगर निवासी एक श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामनगर क्षेत्र के ग्राम जरसा गांजा, पोस्ट ऑफिस चिल्किया निवासी राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके भाई राजपाल पत्थर तोड़ने का काम करते थे। बीती 28 मार्च को कार्य के दौरान अचानक उनकी आंख में कंकरी जा लगी, जिससे आंख में गंभीर चोट पहुंची और तेज दर्द शुरू हो गया। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए हल्द्वानी स्थित एक आई हॉस्पिटल लेकर पहुंचे।

यह भी पढ़ें 👉  रुड़की में नाबालिग छात्र का अपहरण कर बेल्ट और डंडों से पीटा, वीडियो वायरल, 12 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि आंख की स्थिति गंभीर है और तत्काल ऑपरेशन करना जरूरी है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सर्जरी नहीं कराई गई तो आंख की रोशनी जा सकती है। परिजनों ने डॉक्टर की सलाह पर राजपाल का ऑपरेशन करवा दिया। इसके बाद लगातार दवाएं चलती रहीं और बीच-बीच में अस्पताल बुलाकर जांच की जाती रही।

परिजनों के मुताबिक कुछ दिन बाद डॉक्टरों ने फिर से दूसरी सर्जरी की जरूरत बताते हुए 15 अप्रैल को दोबारा ऑपरेशन के लिए बुलाया। आरोप है कि शाम करीब 5:30 बजे से रात 9:40 बजे तक लंबा ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने बताया कि मरीज का ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ गया है और उसकी हालत बिगड़ने लगी।

यह भी पढ़ें 👉  श्रीनगर में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: जिंदा आईईडी बरामद, सुरक्षाबलों ने बचाईं कई जानें

हालत नाजुक होने पर घबराए परिजन तत्काल राजपाल को ठंडी सड़क स्थित दूसरे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सीधे अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा दिया।

परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते सही उपचार और सावधानी बरती जाती तो राजपाल की जान बचाई जा सकती थी। उनका आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके चलते एक परिवार का सहारा छिन गया। मृतक अपने पीछे आठ बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है, जिनके सामने अब पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: टोंस नदी में गिरी बाइक, चालक लापता...रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, आज फिर होगी तलाश

परिजनों ने पुलिस से दोषी डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने, उसे हिरासत में लेने तथा परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

वहीं सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है और शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page