Haldwani: तिकोनिया चौराहा फिर बना खतरे का केंद्र…महिला SI को कुचलने की कोशिश, CCTV में कैद वारदात

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। नैनीताल रोड स्थित तिकोनिया चौराहा एक बार फिर सनसनीखेज घटना का गवाह बना है। रविवार देर रात संदिग्ध हालत में खड़ी एक सफारी कार की जांच के दौरान चालक ने महिला उपनिरीक्षक (SI) के साथ अभद्रता की और चालान की कार्रवाई होते देख उन पर गाड़ी चढ़ाकर कुचलने की कोशिश कर डाली। यह पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी पर तैनात SI आरती ने सोमवार को कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह होमगार्ड जवान कुबेर के साथ रात करीब 11:30 बजे गश्त पर थीं। तिकोनिया चौराहे पर खड़ी एक सफारी कार के शीशों पर काली फिल्म लगी मिली। पूछताछ करने पर चालक भड़क गया और धमकी देने लगा। पुलिस ने नियमानुसार काली फिल्म हटाई तो आरोपी ने ट्रांसफर कराने और वर्दी उतरवाने तक की धमकी दी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: गोल्ज्यू मंदिर के स्थापना दिवस पर 10 फरवरी को लगेगी जागर, 11 को होगा विशाल भंडारा

मामला उस समय और गंभीर हो गया जब SI आरती चालान मशीन लेकर लौटीं और वाहन की फोटो खींचने लगीं। इसी दौरान चालक ने अचानक गाड़ी स्टार्ट कर तेज रफ्तार में आगे बढ़ा दी और उन्हें व होमगार्ड जवान को कुचलने का प्रयास किया। दोनों ने पीछे हटकर किसी तरह अपनी जान बचाई।

घटना चौराहे पर स्थित एक कबाब दुकान के CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान लालकुआं के मोटाहल्दू निवासी युवक के रूप में कर ली है। कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता के अनुसार, आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि आरोपी ने राजकीय कार्य में बाधा डालते हुए लोक सेवकों की जान लेने का प्रयास किया है और उसके खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें 👉  होटल के कमरे में लगी आग, जूनियर इंजीनियर की जिंदा जलकर मौत

गौरतलब है कि तिकोनिया चौराहा पहले भी इस तरह की घटनाओं को लेकर सुर्खियों में रहा है। पांच दिसंबर 2025 को वाहन चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो चालक ने तत्कालीन चौकी प्रभारी अनिल कुमार को कुचलने की कोशिश की थी, जिसमें वह घायल हो गए थे।

यह भी पढ़ें 👉  काठगोदाम-लालकुआं हाईवे हादसों पर हाईकोर्ट सख्त, 8 माह में 14 मौतों पर जताई चिंता

स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय यह चौराहा अराजकता का केंद्र बन जाता है। दुकानों को नौ बजे के बाद बंद कराने के निर्देशों का असर यहां नहीं दिखता और देर रात तक सड़क किनारे वाहन खड़े कर शराबखोरी व हुड़दंग चलता रहता है। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद सख्त कार्रवाई नहीं होने से हालात जस के तस बने हुए हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page