Haldwani: जीवन चेतना फाउंडेशन ने 23 मेधावी इंटर्न्स को किया सम्मानित, विधायक भगत बोले- युवा ही समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। शिक्षा, डिजिटल साक्षरता और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्यरत जीवन चेतना फाउंडेशन ने दो माह की इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी करने वाले 23 मेधावी इंटर्न विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कठघरिया (पनियाली) स्थित एक निजी होटल में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और समाज सेवा के प्रति समर्पण की सराहना की गई।

कार्यक्रम का आयोजन संस्था के संचालक प्रवीन पांडे के निर्देशन में किया गया। समारोह में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि युवा यदि सही दिशा में आगे बढ़ें तो वे समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  ऋषिकेश-नीलकंठ मार्ग पर हादसा: बारिश के चलते कार पर गिरा पत्थर, बाल-बाल बचे यात्री

बंशीधर भगत ने अपने संबोधन में जीवन चेतना फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि संस्था युवाओं को शिक्षा, डिजिटल कौशल और समाज सेवा से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक बनाते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: पहाड़ों में फिर बदलेगा मौसम, 27-28 फरवरी को बारिश और बर्फबारी के आसार

इस अवसर पर संस्था के संचालक प्रवीन पांडे, अध्यक्ष कमल भट्ट तथा कोषाध्यक्ष दीपक जोशी ने मुख्य अतिथि बंशीधर भगत के साथ विशिष्ट अतिथियों ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़, विधायक प्रतिनिधि पूरन गौड़ और पार्षद उमेश बिनवाल को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए संस्था के अध्यक्ष कमल भट्ट ने कहा कि प्रमाण-पत्र केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज...दून समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, 5 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी

समारोह में कोमल रावत, मेघा पाठक, रितिका गिरी, प्रतिभा भंडारी, अनंता पांडे, इशू बिष्ट, योगिता जीना, मीनाक्षी, शिवांश उपाध्याय, देवांश जोशी, देवेश जोशी, अश्विन जोशी, प्रियांशु भट्ट, हार्दिक जोशी, शौर्य प्रताप सिंह बोरा, मोहक गुप्ता सहित कुल 23 इंटर्न विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में भी युवाओं के कौशल विकास एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया गया।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page