Haldwani: घास लेने गई महिला को बाघ ने बनाया निवाला, जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। रामनगर वन प्रभाग की फतेहपुर रेंज एक बार फिर बाघ के हमले से दहशत में है। कठघरिया क्षेत्र स्थित पनियाली जंगल में घास लेने गई महिला को बाघ ने अपना शिकार बना लिया। महिला का शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर अंदर जंगल से क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक पनियाली निवासी कमला फर्त्याल रोजाना की तरह सुबह अकेले जंगल में घास लेने गई थीं। दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। आसपास तलाश के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो वन विभाग और मुखानी थाना पुलिस को सूचना दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  BREAKING NEWS: वर्दी घोटाले में सीएम धामी का सख्त एक्शन, DIG अमिताभ श्रीवास्तव के निलंबन के आदेश

सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की संयुक्त टीम ने जंगल में सघन कांबिंग अभियान चलाया। तलाशी के दौरान कई स्थानों पर खून के निशान और महिला के कपड़े मिले। टीम जब करीब दो किलोमीटर अंदर पहुंची तो वहां महिला का शव बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया बाघ के हमले में मौत की पुष्टि की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  कश्मीर में एलओसी पर तनाव, गोलीबारी में एक जवान समेत 15 लोगों की मौत

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

गौरतलब है कि फतेहपुर रेंज के गांधी आश्रम क्षेत्र में भी पूर्व में एक महिला को बाघ ने अपना शिकार बनाया था। उस घटना के बाद वन विभाग ने बाघ को पकड़ने के लिए कैमरे और पिंजरे लगाए थे, लेकिन एक बार फिर हुई घटना ने वन विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीणों में आक्रोश, दहशत का माहौल

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे हमलों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। वहीं क्षेत्र में दहशत के चलते लोगों ने जंगल की ओर जाना बंद कर दिया है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: गौला बैराज से कूदकर व्यापारी ने की आत्महत्या, शव बरामद

फतेहपुर रेंज के रेंजर प्रदीप अंगोला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और बाघ को ट्रैप करने के लिए दोबारा कैमरे और पिंजरे लगाए जाएंगे। साथ ही ग्रामीणों से जंगल में अकेले न जाने की अपील की गई है।