उत्तराखंड: मकान विवाद से परेशान महिला पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंची एसएसपी कार्यालय, आत्मदाह की धमकी से मचा हड़कंप

खबर शेयर करें

रुद्रपुर। आवास विकास क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने मकान विवाद और पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए शनिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर आत्मदाह की चेतावनी दी, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। महिला के हाथ में पेट्रोल की बोतल देखकर मौके पर मौजूद पुलिस और खुफिया कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे काबू में लिया और एसपी सिटी के समक्ष पेश किया।

जानकारी के अनुसार आवास विकास निवासी राजबाला जैन पेट्रोल की बोतल लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचीं और न्याय न मिलने पर आत्मदाह करने की बात कही। हालात को गंभीर देखते हुए महिला पुलिस की मदद से उन्हें सुरक्षित रूप से एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी के कार्यालय ले जाया गया।

यह भी पढ़ें 👉  मध्यावधि चुनाव से पहले ट्रंप का बड़ा दांव, सितंबर में पहली बार होगा रिपब्लिकन का राष्ट्रीय सम्मेलन

एसपी सिटी के समक्ष राजबाला जैन ने बताया कि वह बीते 28 वर्षों तक अपने देवर के परिवार के साथ रहती थीं। बाद में देवर का परिवार जयनगर दिनेशपुर और ट्रांजिट कैंप के आनंद विहार में अलग-अलग मकान बनाकर रहने लगा। करीब तीन वर्ष पूर्व देवर आनंद विहार कॉलोनी ट्रांजिट कैंप चला गया, लेकिन अब वह आवास विकास स्थित उनके मकान पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। इस संबंध में विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: होली पर स्पेशल तोहफा...26 फरवरी से दौड़ेगी मुंबई सेंट्रल–काठगोदाम सुपरफास्ट ट्रेन, 18 कोचों के साथ यात्रियों को राहत

महिला का आरोप है कि शुक्रवार को आवास विकास चौकी पुलिस ने उन्हें चौकी बुलाया। इसी दौरान देवर ने एक पार्षद और किच्छा विधायक के पुत्र की मदद से पुलिस की कथित मिलीभगत से उनके मकान का ताला तोड़कर अवैध रूप से कब्जा कर लिया। पीड़िता ने अधिकारियों से तत्काल न्याय दिलाते हुए मकान पर पुनः कब्जा दिलाने की मांग की।

यह भी पढ़ें 👉  यूकेएमएसएसबी में सीएसएसडी तकनीशियन के 79 पदों पर भर्ती, 24 जनवरी तक करें आवेदन

महिला ने चेतावनी दी कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह एसएसपी कार्यालय में आत्मदाह करने को मजबूर होगी। पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले की जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद महिला शांत हुई और वापस अपने घर लौट गई।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page