हिमाचल में नए साल की सुबह धमाका, पुलिस थाने के पास विस्फोट से हड़कंप…इमारतों को नुकसान

खबर शेयर करें

नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में नए साल की शुरुआत दहशत के माहौल में हुई। गुरुवार सुबह करीब सवा नौ बजे नालागढ़ पुलिस थाने की दीवार से सटे इलाके में एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दहशत में घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।

यह भी पढ़ें 👉  13 वर्षों में 18 लाख से अधिक भारतीयों ने छोड़ी नागरिकता, 2022-23 में हर साल दो लाख से ज्यादा ने किया त्याग: RTI से खुलासा

विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसका असर आसपास की कई इमारतों पर पड़ा। धमाके से पुलिस थाना परिसर के साथ-साथ समीप स्थित ईसीएचएस (ECHS) पॉलीक्लिनिक और मार्केट कमेटी भवन के शीशे चकनाचूर हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।

यह भी पढ़ें 👉  यूकेपीएससी लेक्चरर भर्ती: आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू, 613 पदों पर होगी भर्ती

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके को सील कर दिया ताकि किसी भी तरह के साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो सके। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं, वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि यह धमाका किसी शरारती तत्व की करतूत है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है। एहतियातन आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही धमाके के कारणों और इसमें इस्तेमाल की गई सामग्री को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

You cannot copy content of this page