नैनीताल में तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, दुकानों में घुसा पानी, व्यापारियों में आक्रोश

खबर शेयर करें

नैनीताल। सरोवरनगरी में शुक्रवार सुबह मौसम का मिजाज बिगड़ा और करीब 9:30 बजे के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में हुई मूसलाधार बारिश ने नगर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। तल्लीताल बाजार, रेमजे मार्ग और प्राणी उद्यान क्षेत्र में कई दुकानों में पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

बारिश से पहले सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा था। लगभग नौ बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो कुछ ही मिनटों में तेज बारिश में तब्दील हो गई। बारिश के दौरान नाले और नालियां उफान पर आ गए। तल्लीताल क्रांति चौक से कलेक्ट्रेट को जोड़ने वाले रेमजे बाजार में विजय कश्यप की दुकान एक बार फिर जलमग्न हो गई। दुकान के भीतर से बड़े नाले की तरह पानी बहता देखा गया। आसपास की अन्य दुकानों में भी जलभराव की शिकायतें मिली हैं।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल–ज्योलीकोट सड़क जल्द होगी गड्ढामुक्त, 5.67 करोड़ से डामरीकरण की तैयारी

प्राणी उद्यान मार्ग की दुकानों में भी पानी घुसने की खबर है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बरसात से पूर्व नालों की सफाई नहीं कराई गई, जिससे यह स्थिति पैदा हुई।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: अवैध शराब तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 10 लीटर कच्ची शराब के साथ महिला गिरफ्तार

तल्लीताल व्यापार मंडल के अध्यक्ष मारुति साह ने कहा कि हर बरसात में व्यापारियों को नुकसान झेलना पड़ता है। इस बार भी समय रहते जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई। उन्होंने बताया कि व्यापार मंडल का शिष्टमंडल जल्द ही प्रशासन से मुलाकात कर समस्या के स्थायी समाधान की मांग करेगा।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर: 15 अक्टूबर से खुलेंगे कार्बेट सफारी के गेट, जंगल सफारी सीजन की तैयारियां तेज

बारिश के कारण कई क्षेत्रों में आवागमन भी प्रभावित हुआ। नगर के निचले इलाकों में जलभराव के चलते राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में और बारिश की संभावना जताई है, जिससे नगरवासियों की चिंता और बढ़ गई है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page