LOC पर तीसरी रात भी सीजफायर उल्लंघन, भारतीय सेना का करारा जवाब, वीजा रद्द कर पाकिस्तान को कड़ा संदेश

खबर शेयर करें

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुँच गया है। ताजा घटनाक्रम में, पाकिस्तान ने लगातार तीसरी रात नियंत्रण रेखा (LoC) पर संघर्षविराम का उल्लंघन किया। भारतीय सेना ने भी पूरी मुस्तैदी के साथ पाकिस्तान को करारा जवाब दिया।

रक्षा सूत्रों के अनुसार, 26-27 अप्रैल की रात पाकिस्तान की सेना ने जम्मू-कश्मीर के तुतमारी गली और रामपुर सेक्टर में बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की। भारतीय जवानों ने भी तत्काल प्रभावी कार्रवाई करते हुए दुश्मन की गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया और उसके मंसूबों को नाकाम कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  आईआईटीयन से बने "इंजीनियर बाबा", कुंभ में आध्यात्मिक आकर्षण का केंद्र

सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि नियंत्रण रेखा पर तनाव को देखते हुए सभी चौकियों पर सैनिकों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। भारत ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि किसी भी प्रकार के उकसावे का सख्त जवाब दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  NEET UG 2026 रद्द: पेपर लीक के बाद सरकार का बड़ा फैसला, 23 लाख छात्रों की परीक्षा दोबारा होगी

इधर, पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। विदेश मंत्रालय ने 24 अप्रैल को घोषणा की थी कि 27 अप्रैल से पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी वीजा रद्द कर दिए जाएंगे। साथ ही, पाकिस्तान में रह रहे भारतीयों को स्वदेश लौटने की सलाह दी गई है। हालांकि, हिंदू पाकिस्तानी नागरिकों को जारी दीर्घकालिक वीजा इस फैसले से प्रभावित नहीं होंगे।

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिसमें दो विदेशी पर्यटक भी शामिल थे। इस हमले में 20 से अधिक लोग घायल हुए थे। इसे पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे बड़ा आतंकी हमला माना जा रहा है। हमले के बाद पूरे देश में गुस्से की लहर है और पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग तेज हो गई है।

You cannot copy content of this page