देहरादून : राजधानी देहरादून के मच्छी बाजार क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। 23 वर्षीय युवती गुन्नू की धारदार हथियार (चापड़) से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात घर के बाहर उस समय हुई, जब युवती बाहर से गुजर रही थी। घटना के बाद पूरे बाजार और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
Brutal Attack Near Market, Victim Succumbs During Treatment: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवक युवती के पास आकर उससे बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान अचानक उसने चापड़ निकाला और गुन्नू के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक वारदात को अंजाम देने वाले युवक की पहचान आकाश कुमार के रूप में हुई है। आरोपी ने बाजार के पास एक गली में युवती पर धारदार हथियार से हमला किया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में आपसी जान-पहचान और निजी विवाद की आशंका जताई जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस निर्मम हत्या से स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
