उत्तराखंड: नववर्ष पर सीएम धामी का बड़ा तोहफा…परिवहन निगम के बेड़े में शामिल हुईं 100 नई बसें

खबर शेयर करें

देहरादून। नववर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से उत्तराखंड परिवहन निगम (यूटीसी) के बेड़े में 100 नई बसों को फ्लैग ऑफ कर जनता को समर्पित किया। इस दौरान 10 एसी और 2 स्लीपर अनुबंधित बसों का भी शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने परिवहन निगम की स्मारिका “अनवरत” और सड़क सुरक्षा पर आधारित कैलेंडर का विमोचन किया। साथ ही कठिन परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने वाले परिवहन निगम के कर्मठ कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित ये नई बसें राज्य के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को और अधिक सशक्त बनाएंगी। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा सुविधा मिलेगी, साथ ही राज्य की आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि दुर्गम और पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में मजबूत परिवहन व्यवस्था नागरिक सुविधाओं के साथ-साथ आर्थिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

यह भी पढ़ें 👉  कालाढूंगी में अवैध कच्ची शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, 36 पाउच बरामद

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार परिवहन निगम को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। अब तक 13 से अधिक नए बस अड्डों और कार्यशालाओं का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है, जबकि 14 अन्य स्थानों पर निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिनमें चार आईएसबीटी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  अमेरिका की सख्त वीजा नीति के बीच कनाडा ने बढ़ाया हाथ, एच-1बी वीजाधारकों के लिए खोले रोजगार के दरवाज़े

उन्होंने बताया कि निगम की बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, ई-टिकटिंग, फ्लीट मॉनिटरिंग और समयबद्ध मेंटेनेंस जैसी आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों और कर्मचारियों दोनों की सुरक्षा और सुविधा में वृद्धि होगी। सरकार ने निगम कर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए डीए वृद्धि, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के क्रियान्वयन और नई भर्तियों के माध्यम से मैनपावर की कमी दूर करने के कदम भी उठाए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: पैडमैन लीजेंड डॉ. वीरेंद्र दवे के स्वागत में NCWDC का भव्य कार्यक्रम, 351 महिलाओं को बांटे सैनिटरी पैड

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार परिवहन निगम को “सेवा का माध्यम” मानते हुए इसे आधुनिक, आत्मनिर्भर और जनोन्मुखी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पारदर्शी नीतियों और जवाबदेही के साथ उत्तराखंड विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजानदास, उमेश शर्मा ‘काऊ’, सविता कपूर, परिवहन निगम की एमडी एवं अपर सचिव रीना जोशी सहित परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।