Nainital: नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी, विधायकों से पहचान बताकर लोगों को फंसाता था आरोपी

खबर शेयर करें

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीरूमदारा निवासी एक युवक पर बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर रकम ऐंठने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार आरके पुरम पीरूमदारा निवासी आनंद सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात गांव के ही जीवन सिंह पुत्र भगवत सिंह से हुई थी। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली लोगों और विधायकों से करीबी संबंध रखने वाला बताते हुए नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने उसे अलग-अलग तारीखों में रुपये देने शुरू कर दिए।

यह भी पढ़ें 👉  कठुआ में मुठभेड़ जारी, 5 संदिग्ध आतंकवादियों को घेरा, दो जवान घायल

पीड़ित के मुताबिक 14 जनवरी से 4 फरवरी के बीच आरोपी ने उससे कुल तीन लाख 80 हजार रुपये ले लिए। लंबे समय तक आरोपी नौकरी लगने का भरोसा देता रहा, लेकिन जब काफी समय बीत गया और कोई नियुक्ति नहीं हुई तो पीड़ित को शक हुआ। उसने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे।

आरोप है कि जीवन सिंह ने 20 अप्रैल तक पूरी रकम लौटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और वह घर से फरार हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

यह भी पढ़ें 👉  10वीं मंजिल से गिरकर 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी केवल एक व्यक्ति से ही नहीं, बल्कि रामनगर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ समेत कई क्षेत्रों के 10 से अधिक लोगों को अपना शिकार बना चुका है। बताया जा रहा है कि वह नौकरी दिलाने, पैसे दोगुना करने और ऊंचे संपर्कों का हवाला देकर लोगों से रकम लेता था।

जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी को ऑनलाइन जुआ खेलने की लत थी। आशंका जताई जा रही है कि लोगों से ठगी कर जुटाई गई रकम का इस्तेमाल ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए में किया गया। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों और लेनदेन की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  इस्लामाबाद में सियासी बवाल: इमरान खान से मुलाकात की मांग पर धरना, बहन अलीमा खान गिरफ्तार

सीओ रामनगर सुमित पांडेय ने बताया कि नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत मिली है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने कितने लोगों से ठगी की है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page