Uttarakhand: यूट्यूबर अनुराग डोभाल गिरफ्तार, मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में तीन साथी भी पकड़े

खबर शेयर करें

देहरादून। चर्चित यूट्यूबर अनुराग डोभाल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में मारपीट, रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में दर्ज मुकदमे के बाद पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत उनके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई राज सिंह चौहान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बाद की।

पुलिस के अनुसार, राज सिंह चौहान ने शिकायत में बताया कि पांच अक्टूबर की शाम करीब छह बजे वह हरिद्वार बाईपास स्थित एक कैफे के पास अनुराग डोभाल और उनके साथियों से मिलने पहुंचे थे। आरोप है कि करीब आठ बजे बातचीत के दौरान विवाद हो गया और अनुराग डोभाल समेत उनके साथियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: नन्हे कान्हा-राधा ने लूटी महफिल, जन्माष्टमी पर 102 बच्चों ने बिखेरी भक्ति की छटा

गला दबाने और वाहन से कुचलने का आरोप

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अनुराग डोभाल ने उनका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। वहीं, अन्य लोगों पर लोहे के हथियार और डंडों से हमला करने का आरोप लगाया गया है। तहरीर में यह भी दावा किया गया कि आरोपियों ने उन्हें वाहन से कुचलने की कोशिश की। मारपीट में चोट लगने की बात भी शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताई है।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 03 जनवरी 2026

मोबाइल और सोने की चेन छीनने का भी आरोप

राज सिंह चौहान के मुताबिक, मारपीट के दौरान उनका मोबाइल फोन और सोने की चेन भी छीन ली गई। वह किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। इसके बाद फोन कॉल और इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 07 अक्टूबर 2025

कई लोगों के नाम तहरीर में शामिल

तहरीर में अनुराग डोभाल के अलावा अभय चौधरी, तपन पंडित, अभिषेक टाइगर, अभिनव श्रीवास्तव और गुरु भाई समेत अन्य लोगों के नाम बताए गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

जांच के बाद पुलिस ने अनुराग डोभाल और उनके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपों की भी जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page