Weather Update: उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज…6 से 11 अक्टूबर तक यलो अलर्ट, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

खबर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 6 से 11 अक्टूबर तक प्रदेश में यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, ज्यादातर मैदानी इलाकों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, 6 से 8 अक्टूबर के बीच 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 9 से 11 अक्टूबर के बीच करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी के आसार हैं। मौसम में यह बदलाव ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ा सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  संत निरंकारी मिशन की ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ परियोजना का शुभारंभ, रानीबाग में चलाया सफाई अभियान

मौसम विभाग ने चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के लिए अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश के दौरान गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

यह भी पढ़ें 👉  भारत को बड़ी राहत: 46 हजार टन LPG लेकर ‘शिवालिक’ जहाज मुंद्रा पोर्ट पहुंचा, ऊर्जा आपूर्ति सुरक्षित

6 और 7 अक्टूबर को छह जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा करने वालों से मौसम की ताजा जानकारी लेने के बाद ही यात्रा की योजना बनाने की अपील की गई है। खासकर बर्फबारी और खराब मौसम के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है।

You cannot copy content of this page