हल्द्वानी। इलाज के दौरान 23 वर्षीय महिला की मौत के मामले में नैनीताल पुलिस ने सोमवार को आरोपी नईम उर्फ नईम पहलवान को गिरफ्तार कर लिया। महिला की मौत 3 अक्टूबर को हुई थी, जबकि मृतका के पति की तहरीर पर 4 अक्टूबर को कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, टाउन धानमिल निवासी राम चंद्र ने 4 अक्टूबर को कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि 3 अक्टूबर को गुरुद्वारा वाली गली, कालाढूंगी रोड निवासी नईम उर्फ नईम पहलवान ने इलाज करने के नाम पर उनकी पत्नी मीनाक्षी टम्टा (23) का उपचार किया। इसी दौरान उनकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने FIR संख्या 338/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी फरार था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने लगातार तलाश और सुरागरसी करते हुए सोमवार को आरोपी नईम उर्फ नईम पहलवान को उसकी दुकान के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, चौकी प्रभारी हीरानगर, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल ललित गोस्वामी शामिल रहे।

