Uttarakhand: अल्मोड़ा में अग्निवीर अभ्यर्थी की निर्मम हत्या का खुलासा, दो माह पुरानी रंजिश में घर में घुसकर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

खबर शेयर करें

रानीखेत। अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट ब्लॉक के ऐना गांव में शुक्रवार देर शाम हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। दो माह पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने सुनियोजित तरीके से घर में घुसकर 19 वर्षीय अग्निवीर अभ्यर्थी सागर सिंह उर्फ जितेंद्र की पहले हथौड़े से हमला कर और फिर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बुआ और बुजुर्ग दादी पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा और खून से सना चाकू बरामद कर लिया है।

शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जगत सिंह बोरा निवासी ऐना को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: सरकारी सेवकों के स्थायीकरण पर शासन सख्त, समयबद्ध आदेश जारी करने के निर्देश

पुलिस के अनुसार मूल रूप से सिंह गांव निवासी 19 वर्षीय सागर सिंह भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा पास कर चुका था। वह फिजिकल टेस्ट की तैयारी के लिए अपनी बुआ जानकी देवी के घर ऐना गांव में रह रहा था। इसी दौरान आरोपी ने उसे निशाना बनाया।

जांच में सामने आया कि करीब दो माह पहले गांव में एक शादी समारोह के दौरान स्कूटी पर खरोंच आने को लेकर सागर और उसके फुफेरे भाई कृष्णा सिंह का आरोपी के दोस्त नीरज सिंह बजेठा से विवाद हुआ था। इसी घटना के बाद जगत सिंह ने दोनों भाइयों से बदला लेने की ठान ली और लगातार हत्या की साजिश रचता रहा।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात वाले दिन उसने पहले खैरना बाजार से हथौड़ा और रानीखेत से धारदार चाकू खरीदा। दोनों हथियारों को पिट्ठू बैग में छिपाकर वह कृष्णा सिंह के घर पहुंचा। मौका मिलते ही उसने कमरे में मौजूद सागर के सिर पर हथौड़े से वार किया और फिर चाकू से उसका गला काट दिया।

यह भी पढ़ें 👉  सीएम धामी 12 दिसंबर को नैनीताल दौरे पर, कई विकास योजनाओं का करेंगे लोकार्पण

सागर की चीख सुनकर उसकी बुआ जानकी देवी और बुजुर्ग सबुली देवी कमरे में पहुंचीं तो आरोपी ने जानकी देवी के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया, जबकि सबुली देवी के गले पर चाकू से वार कर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद एएसपी हरबंश सिंह, सीओ भावना कैंथोला और कोतवाल भुवन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम पूरी रात जांच में जुटी रही। एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के ने अस्पताल पहुंचकर घायल जानकी देवी के बयान दर्ज किए। उनके बयान के आधार पर पुलिस ने मजखाली क्षेत्र से आरोपी जगत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा और खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: एसएसपी के दावों की निकली हवा!...ट्रांसपोर्ट नगर में पुलिस की मिलीभगत से चल रहा नशे का धंधा

पुलिस के अनुसार जानकी देवी अब खतरे से बाहर हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल सबुली देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।

दो माह से बदले की आग में जल रहा था आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि स्कूटी पर खरोंच को लेकर हुए मामूली विवाद को आरोपी ने प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया था। उसने पहले से हथियार खरीदकर हत्या की पूरी योजना बनाई और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस का कहना है कि चश्मदीद के बयान और त्वरित जांच के चलते 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page